राजनीति

अकोला में खेला, मेयर-डिप्टी मेयर पर BJP का कब्जा, उद्धव की कैंडिडेट की हार

नागपुर: महाराष्ट्र के अकोला महानगरपालिका में बीजेपी ने मेयर और डिप्टी मेयर दोनों पदों पर जीत हासिल की है। शुक्रवार को हुए चुनाव में बीजेपी की शारदा खेडकर को मेयर और अमोल गोगे को डिप्टी मेयर चुना गया। चुनाव में शारदा खेडकर को अपने विरोधी के 32 वोटों के मुकाबले 45 वोट मिले। बीजेपी, शिवसेना और एनसीपी गुटों सहित पार्टियों के गठबंधन अकोला शहर सुधार अघाड़ी ने खेड़कर की जीत का समर्थन किया। शिवसेना (यूबीटी) की सुरेखा काले को मैदान में उतारा था।

बीजेपी ने मार ली बाजी
अकोला महानगरपालिका के मेयर के चुनाव में बीजेपी को अन्य दलों के पार्षदों का समर्थन मिला। मेयर पद की कैंडिडेट शारदा खेडकर को बीजेपी के 38, एनसीपी (SP) के तीन, एनसीपी अजित और शिवसेना के एक-एक के साथ दो निर्दलीय पार्षदों ने अपना समर्थन दिया। एक अधिकारी ने बताया कि निर्दलीय पार्षद आशीष पवित्रकर ने बीजेपी के खिलाफ बगावत करके कांग्रेस ज्वाइन कर ली थी, लेकिन उन्होंने आखिरी समय में खेडकर को समर्थन दिया, जबकि AIMIM के 3 पार्षद तटस्थ रहे। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के पार्षदों ने कहा कि उन्होंने शहर के विकास के लिए बीजेपी को सपोर्ट किया। ऐसे में शारदा खेडकर मेयर बन गईं।

कांग्रेस के कैंडिडेट भी हारे
मेयर चुनावों में कांग्रेस के आजाद खान अलियार खान को 32 वोट मिले। वह डिप्टी मेयर के पद के लिए गोगे से हार गए। 80 सदस्यों वाली अकोला नगर पालिका में, बीजेपी ने 38 सीटें जीतीं, कांग्रेस ने 21, शिवसेना (UBT) ने छह, वंचित बहुजन अघाड़ी (VBA) ने पांच, AIMIM और NCP (SP) ने तीन-तीन, शिवसेना और NCP ने एक-एक सीट जीती थी। अकोला महानगरपालिका में कुल 20 वार्ड हैं। महाराष्ट्र में मुंबई बीएमसी समेत 29 महानगरपालिका के चुनाव नतीजे 16 जनवरी को घोषित किए गए थे।

Related Articles

Back to top button