मध्यप्रदेश

आज कहीं गरजेंगे बादल…तो कहीं होगी बरसात, मध्य प्रदेश के मौसम की ताजा रिपोर्ट

जबलपुर. मध्य प्रदेश में अब मौसम बदलाव की ओर बढ़ रहा है. इस महीने के अंत तक मानसून विदा हो सकता है. अब धीरे-धीरे बारिश का दौर थमता नजर आ रहा है. आज (09 सितंबर 2026, दिन बुधवार) के लिए प्रदेश में येलो अलर्ट जारी किया गया है. राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. वहीं गरज-चमक के साथ झोंकेदार हवा चलने का अनुमान भी जताया गया है. आज प्रदेश के कुछ पूर्वी जिलों में बारिश की गतिविधियां ज्यादा देखने को मिल सकती हैं. वहीं ज्यादातर जिलों में मौसम लगभग साफ रहने के आसार हैं.

भोपाल स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आज सीधी, सिंगरौली, सतना, पन्ना, मऊगंज, रीवा, मैहर और छतरपुर में अनेक स्थानों पर बारिश होने की संभावना बन रही है. वहीं गरज-चमक और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवा भी चल सकती है. मौसम विभाग ने लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की है. तेज हवा चलने के दौरान खुली जगहों पर न खड़े हों. टिन शेड या वजन में हल्की नुकीली वस्तुओं से दूरी बनाए रखें.

उमस से मिलेगी राहत
मौसम विभाग के मुताबिक आज जबलपुर, नर्मदापुरम, इंदौर, सागर और शहडोल संभाग के कई जिलों में कुछ जगहों पर बौछारें या हल्की से मध्यम बारिश हो सकती हैं. बैतूल, रायसेन, छिंदवाड़ा, मंडला, सिवनी, खरगोन समेत आसपास के जिलों में भी काले बादल मंडराते नजर आएंगे. उज्जैन और इंदौर संभाग के कुछ हिस्सों में बौछारें पड़ने की संभावना है. दिन के तापमान में बहुत ज्यादा बढ़ोतरी नहीं होगी, जिससे लोगों को सितंबर की उमस से थोड़ी राहत मिलेगी.

राजधानी भोपाल के मौसम का हाल
राजधानी भोपाल में आज मौसम का मिजाज मिलाजुला देखने को मिलेगा. आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं. दिन में हल्की बारिश या गरज-चमक देखने को मिल सकती है. हवा की रफ्तार 14 से 16 किमी प्रति घंटे रहने का अनुमान है. शहर में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान करीब 22 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. इसका मतलब है कि दिन में हल्की गर्मी और उमस महसूस होगी.

Related Articles

Back to top button