इंडोनेशिया: 240 यात्रियों को ले जा रहा जहाज जावा सागर में लापता, सर्च ऑपरेशन शुरू

जकार्ता। इंडोनेशिया में रविवार को 240 यात्रियों को ले जा रहा जहाज जावा सागर में लापता हो गया। अधिकारियों के अनुसार, यह जहाज पूर्वी जावा से बोर्नियो द्वीप पर स्थित दक्षिण कालीमंतन की ओर जा रहा था, तभी इसका संपर्क टूट गया। घटना के तुरंत बाद स्थानीय बचाव दलों ने समुद्र में बड़े पैमाने पर तलाशी एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया है।
दक्षिण कालीमंतन प्रांत की राजधानी बंजारमासिन स्थित सर्च एंड रेस्क्यू कार्यालय ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि वर्गो ट्रांसपोर्ट 8 नाम के पोत में तकनीकी खराबी के चलते संचार व्यवस्था ठप हो गई है।
यह जहाज इंडोनेशिया के दूसरे सबसे बड़े शहर सुरबाया से बंजारमासिन जा रहा था। पोत के ऑपरेटर ने अधिकारियों को बताया कि समुद्र में अचानक मौसम खराब होने के बाद जहाज से संपर्क कट गया था।
तट से 148 किलोमीटर दूर थी आखिरी लोकेशन
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, जहाज की अंतिम लोकेशन जावा सागर में दर्ज की गई थी, जो बंजारमासिन के तट से लगभग 148 किलोमीटर दूर है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल किसी के हताहत होने की कोई तात्कालिक सूचना नहीं मिली है और प्राथमिकता जहाज तक जल्द से जल्द पहुंचने की है।
अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं
अधिकारियों ने बताया कि जहाज में कुल 240 लोग सवार थे। फिलहाल जहाज पर सवार किसी व्यक्ति के हताहत होने की कोई तत्काल सूचना नहीं है। बचाव दल समुद्र में जहाज की तलाश कर रहा है। फिलहाल जहाज से संपर्क टूटने की वजह और उसके वर्तमान स्थान की जानकारी सामने नहीं आई है।




