अंतर्राष्ट्रीय

इजरायल के खिलाफ कतर में जुटे 50 मुस्लिम देश, ईरान बोला, इजरायल से रिश्ता तोड़ें इस्लामी मुल्क

एजेंसियां— दोहा

कतर की राजधानी दोहा में सोमवार को मुस्लिम देशों के 50 नेता इजरायल के खिलाफ एक खास बैठक के लिए इक_ा हुए। यह बैठक अरब लीग और ऑर्गेनाइजेशन ऑफ इस्लामिक को-ऑपरेशन (ओआईसी) ने बुलाई है। इसका मकसद नौ सितंबर को कतर पर हुए इजरायली हमले का जवाब देना है। इस हमले में हमास के पांच मेंबर और एक कतरी सुरक्षा अधिकारी मारा गया था। यह हमला उस समय हुआ, जब हमास की एक टीम गाजा में दो साल से चल रहे युद्ध को खत्म करने के लिए अमरीका के प्रस्ताव पर बात करने दोहा में थी। सोमवार की मीटिंग से पहले ईरान के राष्ट्रपति मसूद पजशकियान ने मुस्लिम देशों से इजरायल के साथ रिश्ते तोडऩे को कहा है। उन्होंने इस्लामिक देशों से एकजुट होने की अपील की। वहीं, पाकिस्तान ने सभी इस्लामी देशों को नाटो जैसे ज्वॉइंट फोर्स बनाने का सुझाव दिया।

पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने भी इजरायल को लेकर सख्त बयान दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि इजरायल के खिलाफ जवाबी कार्रवाई जरूरी है और कोई भी देश यह न सोचे कि वह गाजा युद्ध से बचा रहेगा। बता दें रविवार को इस्लामी देशों के विदेश मंत्रियों ने दोहा में इजरायल के खिलाफ कार्रवाई करने को लेकर बंद कमरे में एक बैठक की थी। इस दौरान कतर के प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान बिन जासिम अल थानी ने इजरायली हमले की कड़ी निंदा की और कहा कि कतर अपनी संप्रभुता की रक्षा के लिए जरूरी कदम उठाएगा। वहीं, पाकिस्तान के विदेश मंत्री मोहम्मद इशाक डार ने कहा कि दुनिया भर के मुस्लिम इस बैठक पर नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने एक ज्वाइंट डिफेंस फोर्स बनाने की संभावना का जिक्र किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button