मध्यप्रदेश

ओवरटेक के चक्कर में गुना में कार-ट्रैक्टर और दो बाइकों की भिड़ंत में पति-पत्नी की मौत

गुना: जिले के कुंभराज-मोहनपुर मार्ग पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सडक़ हादसा सामने आया है, जिसमें एक कार, ट्रैक्टर और दो बाइकों के बीच हुई जबरदस्त भिड़ंत में पति-पत्नी की जान चली गई। हादसे के दौरान मौके पर चीख-पुकार मच गई। इस दुर्घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है, जबकि एक 4 वर्षीय बालक को मामूली चोटें आई हैं।

ओवरटेक के प्रयास में हुई टक्कर

हादसा सुबह करीब 10 बजे सिंगल रोड पर हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक कार चालक आगे चल रहे ट्रैक्टर को ओवरटेक करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान मोड़ पर ट्रैक्टर-ट्रॉली के लहराने से कार उससे टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का टायर फट गया और वह अनियंत्रित हो गई। इसी बीच सामने से आ रही दो मोटर साइकिलें भी इस दुर्घटना की चपेट में आकर ट्रैक्टर और कार से जा भिड़ी।

बुजुर्ग दंपति ने मौके पर तोड़ा दम

दुर्घटना में एक बाइक पर सवार बड़ौद गांव निवासी कैलाश सिंह (58) और उनकी पत्नी बदी बाई (55) की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक पर उनके साथ उनका 4 साल का नाती आशीष भी सवार था। गनीमत रही कि मासूम को गंभीर चोटें नहीं आईं और प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है। वहीं, दूसरी बाइक पर सवार एक अन्य युवक को गंभीर चोटें आने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद गुना जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही कुंभराज थाना प्रभारी पंकज त्यागी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मृतकों के शवों का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कार चालक के बयान और मौके की स्थिति के आधार पर पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। प्रारंभिक तौर पर दुर्घटना का कारण सिंगल रोड पर तेज रफ्तार और ओवरटेकिंग माना जा रहा है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button