मनोरंजन

‘कम्प्लीट एंटरटेनर, फुल पैसा वसूल’, अक्षय कुमार की ‘भूत बंगला’ ने लूट लिया दर्शकों का दिल

अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की जोड़ी ने एक बार फिर बड़े पर्दे पर वापसी कर ली है और उनकी नई फिल्म भूत बंगला को लेकर दर्शकों का उत्साह सातवें आसमान पर है. सोशल मीडिया पर आ रहे शुरुआती रिव्यूज में फिल्म को जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है. जहां कुछ फैंस इसे कम्प्लीट एंटरटेनर बता रहे हैं, वहीं कइयों ने इसे फुल पैसा वसूल फिल्म करार दिया है. अक्षय की शानदार कॉमिक टाइमिंग और फिल्म में हॉरर और सस्पेंस के तड़के ने दर्शकों का दिल जीत लिया है.

नई दिल्ली. सुपरस्टार अक्षय कुमार के फैंस का लंबा इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है. उनकी मोस्ट अवेटेड फिल्म भूत बंगला शुक्रवार को सिनेमाघरों में दस्तक दे चुकी है. इस हॉरर कॉमेडी फिल्म की रिलीज से पहले ही जबरदस्त क्रेज को देखते हुए मेकर्स ने 16 अप्रैल को रात 9 बजे से ही इसके पेड प्रिव्यू शुरू कर दिए थे.

सालों बाद अक्षय कुमार और मशहूर डायरेक्टर प्रियदर्शन की जोड़ी को पर्दे पर साथ देखने के लिए दर्शक काफी समय से बेताब थे. भूत बंगला फिल्म को लेकर जिस तरह का माहौल बना हुआ था, उसका असर अब साफ दिख रहा है, क्योंकि शुरुआती रिस्पॉन्स और रिएक्शंस आने शुरू हो गए हैं.

>सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मूवी को लेकर ऑडियंस के रिव्यू सामने आने लगे हैं. फिल्म देखकर निकले एक फैन ने अपना उत्साह जाहिर करते हुए लिखा, ‘हंसी के ठहाकों से भरपूर. भूत बंगला एक कम्प्लीट एंटरटेनर है जिसमें फन, ह्यूमर, सस्पेंस और हॉरर का जबरदस्त तड़का लगा है. फिल्म का पहला पार्ट तो आपको हंसते-हंसते लोटपोट कर देगा और पुराने दिनों की याद दिला देगा. दूसरे हिस्से में कहानी हॉरर की तरफ मुड़ती है जो काफी असरदार है. वाकई, फुल पैसा वसूल फिल्म है.’

अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की जोड़ी अपनी कल्ट कॉमेडी फिल्मों के लिए जानी जाती है, इसलिए भूत बंगला मूवी से उम्मीदें सातवें आसमान पर थीं. शुरुआती रुझानों को देखकर लग रहा है कि यह जोड़ी एक बार फिर दर्शकों की उम्मीदों पर खरी उतरी है. कई लोगों ने इस हॉरर कॉमेडी फिल्म को जमकर सराहा है.

दूसरे यूजर ने भूत बंगला फिल्म की तारीफ करते हुए लिखा, ‘भूत-बंगला रिव्यू रेटिंग 4. कॉमेडी के असली किंग अक्षय कुमार की शानदार वापसी. यह फिल्म हॉरर और कॉमेडी का एक बेहतरीन मेल है. प्रियदर्शन का वही पुराना सिग्नेचर स्टाइल और अक्षय कुमार की जबरदस्त कॉमिक टाइमिंग भूत-बंगला को फुल पैसा वसूल एंटरटेनर बनाती है.’

एक और यूजर ने लिखा, ‘भूत बंगला में कॉमेडी और हॉरर का बढ़िया कॉम्बिनेशन है. फिल्म का पहला हिस्सा काफी मजबूत है और बाद में आने वाले ट्विस्ट भी बांधे रखते हैं, हालांकि बीच-बीच में फिल्म की रफ्तार थोड़ी सुस्त पड़ती महसूस होती है.’

दूसरी तरफ, कुछ दर्शकों को यह मूवी रास नहीं आई है. एक यूजर ने लिखा, ‘अभी भूत बंगला देख रहा हूं और आधी फिल्म खत्म होने तक ही यह समझ आ गया कि एक हॉरर-कॉमेडी फिल्म कैसे नहीं बनानी चाहिए, यह उसका बेहतरीन उदाहरण है. फिल्म की स्क्रिप्ट इतनी कमजोर है कि अक्षय कुमार जैसा बड़ा स्टार भी इसे डूबने से नहीं बचा पा रहा. मेकर्स ने शायद शोर-शराबे को कॉमेडी और अफरा-तफरी को कहानी समझ लिया है.’

बताते चलें कि अक्षय कुमार की फिल्म भूत बंगला बालाजी मोशन पिक्चर्स और केप ऑफ गुड फिल्म्स के बैनर तले बनी है. अब देखना होगा कि इस मूवी का बॉक्स ऑफिस पर कितने करोड़ से खाता खुलता है. ‘भूत बंगला’ से अक्षय कुमार और प्रियदर्शन ने एक दशक से भी ज्यादा समय बाद साथ में बड़े पर्दे पर वापसी की है. इससे पहले दोनों ‘भागम भाग’, ‘भूल भुलैया’, ‘हेरा फेरी’ और ‘दे दना दन’ जैसी मूवीज में साथ काम कर चुके हैं.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button