‘केशम द्वीप के ऊपर अमेरिकी ड्रोन मार गिराया, होर्मुज में दो टैंकरों में आग’, ईरान के दावे पर मिडिल ईस्ट में खलबली

तेहरान। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) ने दावा किया है कि उसने केश्म द्वीप के ऊपर अमेरिकी एमक्यू-1 ड्रोन को रोककर नष्ट कर दिया। ईरानी नौसेना के मुताबिक, शनिवार को होर्मुज स्ट्रेट में दो तेल टैंकरों में आग लगी।
ईरानी समाचार एजेंसी आईआरआइबी के टेलीग्राम चैनल के अनुसार, टैंकर कथित तौर पर प्रतिबंधित जलक्षेत्र में समुद्री बारूदी सुरंगों से टकराए थे।
आइआरजीसी के बयान के मुताबिक, शनिवार को स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब 2:30 बजे उसकी “नई उन्नत एयरोस्पेस रक्षा प्रणाली” ने ड्रोन को रोककर नष्ट किया।
संगठन ने इसे “दुश्मन के टोही अभियानों” की एक और नाकामी बताया और कहा कि उसका एयरोस्पेस बल एमक्यू-1 परिवार के अमेरिकी सैन्य टोही और लड़ाकू ड्रोन को नष्ट करने में सफल रहा।
ईरानी नौसेना ने कहा कि शनिवार सुबह दूसरे टैंकर में आग लगी। 24 घंटे के भीतर यह ऐसी पांचवीं घटना थी। इस अवधि में कुछ जहाजों को ईरान ने निशाना बनाया, जबकि कुछ होर्मुज से गुजरने की कोशिश में समुद्री बारूदी सुरंगों से टकराए।




