अंतर्राष्ट्रीय

खत्म होगी यूक्रेन की जंग, आबूधाबी में अमरीका, यूक्रेन और रूस के बीच पहली त्रिपक्षीय वार्ता

एजेंसियां— आबूधाबी, रूस के यूक्रेन पर 2022 में शुरू किए गए हमले के बाद पहली बार अमरीका, यूक्रेन और रूस के वार्ताकार शुक्रवार को संयुक्त अरब अमीरात में एक साथ मेज पर बैठे। ये तीनों देशों के बीच होने वाली पहली ज्ञात त्रिपक्षीय बैठक है, जिसे युद्ध समाप्त करने की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण कूटनीतिक कदम माना जा रहा है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन के सहायक यूरी उशाकोव ने पुष्टि की है कि रूस ‘सुरक्षा मुद्दों पर त्रिपक्षीय कार्य समूह की पहली बैठक’ के लिए आबूधाबी में यूक्रेन और अमरीका के प्रतिनिधियों के साथ शामिल होगा। इससे पहले यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने भी इस बैठक के आयोजन की पुष्टि की थी। यह ऐतिहासिक वार्ता राष्ट्रपति ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और उनके दामाद जेरेड कुशनर की रूसी राष्ट्रपति के साथ हुई गहन मुलाकात के बाद आयोजित की जा रही है।

गुरुवार देर रात श्री पुतिन के साथ इन अमरीकी प्रतिनिधियों की बैठक तीन घंटे से अधिक समय तक चली थी। रूस ने इस चर्चा को अत्यंत ठोस, रचनात्मक और गोपनीय बताया है। इसे लेकर वैश्विक स्तर पर उम्मीदें बढ़ गई हैं। सकारात्मक कूटनीतिक संकेतों के बावजूद रूस ने कड़ा रुख अपनाते हुए चेतावनी दी है कि क्षेत्रीय मुद्दों को सुलझाए बिना किसी भी दीर्घकालिक समाधान की उम्मीद करना जल्दबाजी होगी।
श्री उशाकोव ने स्पष्ट किया कि रूस युद्ध के मैदान में अपने उद्देश्यों को तब तक जारी रखेगा, जब तक कि कोई अंतिम समझौता नहीं हो जाता।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button