तकनीकी

 गूगल से अपनी जानकारी और फोन नंबर कैसे हटाएं, जान लें तरीका

Google Information Removal: आजकल इंटरनेट हमारी रोजमर्रा की जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है लेकिन यही सहूलियत कई बार हमारी प्राइवेसी के लिए बड़ा खतरा भी बन जाती है. जाने-अनजाने में कई वेबसाइट्स, ऑनलाइन डायरेक्टरी या सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हमारा फोन नंबर, घर का पता और ईमेल आईडी पब्लिक हो जाती है. इसका सबसे बड़ा नुकसान यह है कि कोई भी अनजान व्यक्ति गूगल सर्च पर सिर्फ आपका नाम डालकर आपकी निजी डिटेल्स आसानी से निकाल सकता है. 

आज के दौर में जब साइबर ठगी, स्पैम कॉल्स और डिजिटल फ्रॉड के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं तो अपनी पर्सनल जानकारी को पब्लिक प्लेटफॉर्म से हटाना बेहद जरूरी हो गया है. अच्छी बात यह है कि गूगल खुद अपने यूजर्स को यह मौका देता है कि वे सर्च रिजल्ट्स से अपनी प्राइवेट जानकारी को हमेशा के लिए हटवा सकें. बस इसके लिए आपको एक आसान से प्रोसेस को फॉलो करना होता है. जान लें इसके लिए क्या करना होगा.

रिजल्ट्स अबाउट यू टूल से हटाएं जानकारी

यूजर्स की प्राइवेसी को मजबूत बनाने के लिए गूगल ने Results about you नाम से एक बेहद काम का फीचर पेश किया है. इस टूल का काम इंटरनेट पर मौजूद आपकी निजी जानकारी पर नजर रखना और उसे सर्च रिजल्ट्स से बाहर करना है. जब आप इस टूल में अपना नाम, मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी और घर का पता रजिस्टर करते हैं तो गूगल का सिस्टम लगातार वेब पेजों को स्कैन करता है. 

जैसे ही किसी वेबसाइट पर आपकी यह डिटेल्स गूगल सर्च में दिखती हैं आपको तुरंत ऐप या ईमेल के जरिए अलर्ट मिल जाता है. इसके बाद आप बिना किसी दिक्कत के वहीं से उस लिंक को हटाने की रिक्वेस्ट सबमिट कर सकते हैं. इतना ही नहीं, अगर बैंक अकाउंट नंबर, आधार या क्रेडिट कार्ड जैसी सेंसटिव जानकारी लीक हुई है तो गूगल उसे भी प्रायोरिटी के आधार पर ब्लॉक करता है.

जानें स्टेप-बाय-स्टेप प्रोसेस

गूगल सर्च से अपना नंबर या पता हटाने के लिए सबसे पहले अपने स्मार्टफोन में गूगल ऐप खोलें या कंप्यूटर ब्राउजर पर अपने गूगल अकाउंट से लॉग-इन करें. अब ऊपर दाईं तरफ दिख रही अपनी प्रोफाइल फोटो पर क्लिक करें और मेन्यू में Results about you के ऑप्शन को चुनें. पहली बार इस्तेमाल करने पर आपको Get Started पर टैप करना होगा जिसके बाद एक फॉर्म खुलेगा. 

यहां अपना पूरा नाम, फोन नंबर, ईमेल और मौजूदा पता सही-सही भरकर सेव कर दें. अगर आप सीधे किसी खास वेबसाइट का लिंक हटवाना चाहते हैं तो गूगल के Remove outdated content या Personal info removal request पेज पर जाकर उस वेब पेज का URL पेस्ट करें. सबमिट करने के बाद गूगल की टीम आपकी रिक्वेस्ट का रिव्यू करती है और सही पाए जाने पर कुछ ही दिनों में वह जानकारी सर्च से गायब हो जाती है.

इस बात का भी रखें ध्यान

गूगल के इस टूल का इस्तेमाल करते समय एक बेहद जरूरी बात समझना जरूरी है. जब गूगल आपकी रिक्वेस्ट के बेसिस पर किसी लिंक को सर्च रिजल्ट से हटाता है तो वह इंफॉर्मेशन सिर्फ गूगल सर्च से गायब होती है. लेकिन किसी के पास उस वेबसाइट का डायरेक्ट लिंक है तो वह वहां जाकर आपकी डिटेल्स देख सकता है. 

इसलिए अगर आप चाहते हैं किसी को लिंक से भी आपकी जानकारी न दिखे तो तो आपको उस संबंधित वेबसाइट की सपोर्ट टीम से काॅन्टेक्ट करके वहां से भी अपना डेटा डिलीट करने की रिक्वेस्ट रेज करनी होगी. आगे आपकी जानकारी पब्लिक न हो इसके लिए ध्यान रखें कि किसी भी अनजान ऐप या वेबसाइट पर साइन-अप करते समय अपना असली मोबाइल नंबर और एड्रेस दर्ज न करें.

Related Articles

Back to top button