महाराष्ट्रराष्ट्रीय

गोवा के नाइट क्लब में आग  से 23 लोगों की दर्दनाक मौत, हर तरफ लाशें… आग बुझाने पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम, अंदर का नजारा देख रूह कांप गई

Goa Nightclub Fire News: गोवा में शनिवार की आधी रात को चीख-पुकार मच गई. दरअसल, उत्तर गोवा के अर्पोरा क्षेत्र में देर रात एक नाइट क्लब में हुए भयावह सिलिंडर ब्लास्ट के बाद लगी आग में कम से कम 23 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है. ज्यादातर मृतक नाइट क्लब के स्टाफ सदस्य बताए जा रहे हैं. खुद सीएम प्रमोद सावंत ने घटनास्थल का दौरा किया और जांच के आदेश दिए. चलिए जानते हैं गोवा नाइट क्लब फायर कांड में कब, कैसे क्या हुआ?

 गोवा के एक नाइट क्लब में भीषण आग लगी है. नॉर्थ गोवा के अरपोरा ( अर्पोरा) गांव में मौजूद नाइट क्लब में शनिवार की रात को आग लग गई. इस भीषण आग से हाहाकार मच गया. बताया गया कि यह आग सिलेंडर ब्लास्ट होने की वजह से लगी है. गोवा के रेस्टोरेंट-कम-नाइट क्लब में लगी आग में 20 पुरुष और 3 महिलाओं की मौत हो चुकी है. आग लगने की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया. जबतक यह हो पाता, लाशें बिछ चुकी थीं. ज्यादातर लोगों की मौत दम घुटने से हुई है. इस आग हादसे की जांच के आदेश दे दिए गए हैं. खुद सीएम सावंत ने घटनास्थल का दौरा किया और दोषियों के खिलाफ सख्त एक्शन की बात कही. चलिए गोवा नाइट क्लब में अग्निकांड की पूरी कहानी सवाल-जवाब के फॉर्मेट में जानते हैं.

गोवा नाइट क्लब फायरकांड की पूरी कहानी

सवाल 1: गोवा में नाइटक्लब में आग की घटना कब हुई?

जवाब: गोवा के नाइट क्लब में आग लगने की घटना शनिवार रात की है. पुलिस के मुताबिक, शनिवार यानी 6 दिसंबर 2025 की रात करीब 12 बजे मध्यरात्रि के आसपास सिलेंडर ब्लास्ट हुआ. इसकी सूचना तभी पुलिस को मिली.

सवाल 2: आग कहां लगी और किस नाइटक्लब में?

जवाब: आग गोवा के उत्तर गोवा जिले के अरपोरा गांव में एक लोकप्रिय नाइटक्लब में लगी, जो पर्यटकों के बीच काफी मशहूर है. जब आग लगी तब नाइट क्लब में काफी टूरिस्ट मौजूद थे. यग जगह रोमियो लेन के पास बिर्च में है. गोवा की राजधानी पणजी से करीब 25 किलोमीटर दूर यह अरपोरा गांव है.

सवाल 3: आग लगने का मुख्य कारण क्या था?

जवाब: गोवा के नाइट क्लब में आग लगने के कारणों की जांच हो रही है. हालांकि, प्रारंभिक रिपोर्ट्स के अनुसार, आग एक सिलेंडर ब्लास्ट से शुरू हुई, जो क्लब के अंदर हुआ और तेजी से फैल गई.

सवाल 4: इस अग्निकांड में कितने लोगों की मौत हुई?

जवाब: गोवा नाइट क्लब अग्निकांड में 23 लोगों की मौत हुई है. इनमें 20 पुरुष और 3 महिलाएं हैं. पुलिस के मुताबिक, मरने वालों में ज्यादातर क्लब के स्टाफ सदस्य शामिल हैं. खुद सीएम प्रमोद सावंत ने कन्फर्म किया है.

सवाल 5: मरने वालों में कौन-कौन शामिल थे?

जवाब: पुलिस और सीएम प्रमोद सावंत के मुताबिक, मरने वालों में क्लब के कर्मचारी और कुछ पर्यटक शामिल हैं. मरने वालों में तीन से चार टूरिस्ट हैं, बाकि नाइट क्लब के स्टाफ हैं.

सवाल 6: आधी रात को क्या हुआ था?

जवाब: शनिवार की आधी रात को सब सामान्य था. क्लब में भीड़ थी. टूरिस्ट माहौल का मजा ले रहे थे. तभी नाइट क्लब में सिलेंडर ब्लास्ट हो गया. अचानक 12 बजे के आसपास क्लब में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई, लोग भागने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन आग तेजी से फैलने से कई फंस गए. इसके बाद लाशें बिछ गईं.

सवाल 7: इस आग की घटना पर सीएम ने क्या कहा?

जवाब: सीएम सावंत ने घटनास्थल पर पहुंचकर रिपोर्टर्स को बताया कि 23 में से तीन की मौत जलने से हुई और बाकी की मौत दम घुटने से हुई. उन्होंने कहा कि नाइट क्लब ने फायर सेफ्टी नॉर्म्स का पालन नहीं किया था. सावंत ने कहा कि हम क्लब मैनेजमेंट और उन अधिकारियों के खिलाफ भी एक्शन लेंगे जिन्होंने सेफ्टी नॉर्म्स तोड़ने के बावजूद इसे चलने दिया.

सवाल 8: गोवा सरकार ने क्या कार्रवाई की?

जवाब: गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने हादसे की जांच के आदेश दिए हैं और घटनास्थल का दौरा किया. उन्होंने जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई का वादा किया है. मुख्यमंत्री ने कहा, ‘हम घटना की डिटेल में जांच करेंगे और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.’ वहीं, गोवा पुलिस चीफ आलोक कुमार ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि आग सिलेंडर ब्लास्ट की वजह से लगी. वहीं, लोकल भाजपा विधायक माइकल लोबो ने कहा, ‘जगह से सभी 23 लाशें बरामद कर ली गई हैं और उन्हें बम्बोलिम के सरकारी मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है.’

सवाल 9: क्या यह पर्यटन क्षेत्र पर असर डालेगा?

जवाब: गोवा एक प्रमुख पर्यटन स्थल है, और इस हादसे से पर्यटकों की सुरक्षा पर सवाल उठ सकते हैं, खासकर नाइटलाइफ से जुड़े स्थानों पर. खुद सीएम सावंत ने कहा कि यह कोस्टल राज्य में पीक टूरिस्ट सीजन के दौरान एक बुरी घटना है.

सवाल 10: आगे क्या जांच हो रही है?

जवाब: गोवा डीजीपी यानी पुलिस महानिदेशक आलोक कुमार ने कहा है कि इस अग्निकांड की जांच जारी है. आग की वजह की गहराई से पड़ताल की जा रही है ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों. दोषियों पर सख्त एक्शन होगा. फिलहाल, नाइट क्लब को सील कर दिया गया है और मालिकों से पूछताछ जारी है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button