गोवा में होगी आईपीएल ऑक्शन, दिसंबर में लगेगी बोली, तीन साल बाद भारत लौटेगी नीलामी

एजेंसियां— मुंबई, आईपीएल 2027 की नीलामी को लेकर अब तस्वीर साफ हो गई है। बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने बताया है कि अगले सीजन की खिलाडिय़ों की नीलामी दिसंबर में गोवा में आयोजित की जाएगी। यानी इस बार ऑक्शन के लिए टीमों और खिलाडिय़ों को भारत में ही जुटना होगा, लेकिन, नीलामी की सटीक तारीख अभी सामने नहीं आई है। देवजीत सैकिया ने बताया कि पिछले तीन साल में आईपीएल की नीलामी भारत से बाहर अलग-अलग जगहों पर आयोजित की गई थी। इनमें सऊदी अरब, दुबई और आबुधाबी शामिल रहे।
अब बीसीसीआई ने इस आयोजन को फिर से भारत में कराने का फैसला किया है और इसके लिए गोवा को चुना गया है। सैकिया के मुताबिक, इस साल आईपीएल नीलामी दिसंबर के महीने में होगी। फिलहाल बीसीसीआई की ओर से सिर्फ महीने और शहर की जानकारी सामने आई है। ऐसे में नीलामी की तारीख को लेकर अभी किसी फिक्स दिन का नहीं बताया गया है। आईपीएल 2027 लीग का 20वां सीजन होगा। बीसीसीआई की आम सभा ने भी 2027 में होने वाले आईपीएल के 20वें संस्करण को बड़े लेवल पर मनाने का फैसला किया है। अब दिसंबर में होने वाली नीलामी से टीमों की अगले सीजन की तैयारियां आगे बढ़ेंगी।
भारत-जापान मैच में जीत पर भारतीय टीम को बधाई
भारत और जापान के बीच हुए मुकाबले को लेकर भी सैकिया ने भारतीय टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह मैच सिर्फ जीत तक लिमिटेड नहीं था, बल्कि दोनों देशों के बीच क्रिकेट संबंधों को आगे बढ़ाने की दिशा में भी एक कदम था। उन्होंने बताया कि जय शाह की पहल पर इस मुकाबले के आयोजन की दिशा में काम शुरू हुआ था।




