चलती ट्रेन के अंदर बना ‘धोबी घाट’, ऊपर सूख रहे कपड़े और नीचे बैठे यात्री

ट्रेन का सफर अपने आप में एक अलग ही अनुभव होता है. कभी चाय-समोसे की आवाजें, कभी बच्चों की शरारतें, तो कभी खिड़की से बाहर भागते नजारे. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि चलती ट्रेन का डिब्बा अचानक ‘धोबी घाट’ में बदल जाए? सुनने में भले ही अजीब लग रहा हो, लेकिन इन दिनों सोशल मीडिया पर एक ट्रेन का वीडियो बहुत वायरल हो रहा है, जिसने सभी को हैरान कर दिया है.
वायरल वीडियो में एक ट्रेन के कोच का नजारा बिल्कुल अलग दिखाई देता है. यहां सीटों के ऊपर, रेलिंग पर, सामान रखने वाले रैक पर और यहां तक कि खंभों पर भी कपड़े लटकते नजर आ रहे हैं. लुंगी, तौलिये, शर्ट और पेटीकोट ऐसे टंगे हुए हैं जैसे कोई घर की बालकनी हो. हालत यह है कि जो यात्री खड़े हैं, उनके सिर के ठीक ऊपर कपड़े लहरा रहे हैं. ऐसा लग रहा है मानो किसी ने ट्रेन के अंदर ही कपड़े सुखाने की पूरी व्यवस्था कर ली हो.
लोगों ने कहा- ये ट्रेन है या लॉन्ड्री?
इस अजीब नजारे को देखकर सोशल मीडिया यूजर्स भी हैरान हैं. वीडियो देखने के बाद लोग मजेदार कमेंट्स कर रहे हैं. कोई इसे ‘चलती फिरती लॉन्ड्री’ बता रहा है, तो कोई कह रहा है कि “अब ट्रेन में सफर के साथ कपड़े सुखाने की सुविधा भी मिल रही है.” हालांकि, कुछ लोगों को यह मजाक से ज्यादा परेशानी भरा लग रहा है. उनका कहना है कि सार्वजनिक जगहों पर इस तरह का व्यवहार ठीक नहीं है और इससे दूसरे यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है.
यात्रियों का रवैया भी बना चर्चा का विषय
वीडियो में एक और दिलचस्प बात यह नजर आती है कि आसपास बैठे लोग इस पूरे नजारे को बिल्कुल कोई फर्क ही नहीं पड़ रहा है, उन्हें ये सब साधारण बात लग रहा है. कोई विरोध नहीं कर रहा, न ही कोई कुछ कह रहा है. यही वजह है कि लोग सवाल उठा रहे हैं कि क्या अब ऐसे नजारे आम हो गए हैं? क्या लोगों को पब्लिक जगहों पर व्यवहार करने की समझ कम होती जा रही है?




