व्यापार

चार दिन की गिरावट के बाद आज बदलेगी बाजार की चाल? 

नई दिल्ली: पश्चिम एशिया में संघर्ष बढ़ने और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के कारण बुधवार को एशियाई बाजारों में भारी गिरावट रही। इसका असर घरेलू बाजार पर भी देखने को मिला और होली के दिन सेंसेक्स तथा निफ्टी में लगातार चौथे सत्र में गिरावट रही। 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 1,122.66 अंक यानी 1.40 प्रतिशत गिरकर 79,116.19 पर बंद हुआ। इसी तरह, 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 385.20 अंक या 1.55 प्रतिशत गिरकर 24,480.50 पर बंद हुआ। यह पिछले छह महीनों का सबसे निचला बंद स्तर है।

सेंसेक्स के शेयरों में सबसे ज्यादा 6.76 प्रतिशत गिरावट टाटा स्टील में रही जबकि लार्सन एंड टुब्रो 4.53 प्रतिशत लुढ़क गया। इसके अलावा बजाज फाइनेंस, अल्ट्राटेक सीमेंट, एनटीपीसी, इंटरग्लोब एविएशन, बजाज फिनसर्व और कोटक महिंद्रा बैंक में भी उल्लेखनीय गिरावट हुई। दूसरी ओर केवल तीन शेयर भारती एयरटेल, इन्फोसिस और टेक महिंद्रा लाभ में रहे। दो दिनों की गिरावट से निवेशकों को 16.32 लाख करोड़ रुपये की चपत लगी है।

विदेशी बाजारों का हाल

इस बीच वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 3.08 प्रतिशत उछलकर 83.91 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। लेकिन रात करीब 9 बजे यह 0.85 फीसदी गिरावट के साथ 80.71 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड कर रहा था। एशियाई बाजारों में भी बुधवार को भारी गिरावट रही। दक्षिण कोरिया का कॉस्पी सूचकांक 12 प्रतिशत तक टूट गया। जापान का निक्केई, चीन का शंघाई कंपोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग भी भारी गिरावट के साथ बंद हुए। हालांकि, यूरोपीय बाजार सकारात्मक दायरे में कारोबार कर रहे थे जबकि अमेरिका में शुरुआती कारोबार में तेजी आई।

इस बीच ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म मॉर्गन स्टेनली का कहना है कि भारतीय शेयर बाजार में फिलहाल थोड़ी कमजोरी देखी जा रही है, लेकिन यह समय लंबी अवधि के निवेशकों के लिए काफी अच्छा है। उसने एक रिपोर्ट में कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था के संरचनात्मक बुनियादी सिद्धांत बरकरार रहेंगे और 2026 में आय वृद्धि में और सुधार होगा, भले ही बाजार निकट अवधि की अस्थिरता से जूझ रहे हों। फर्म का अनुमान है कि दिसंबर 2026 तक सेंसेक्स 107,000 अंक तक जा सकता है।

आज किन शेयरों पर रहेगी नजर

बलरामपुर चीनी, चेन्नई पेट्रोलियन, पॉली मेडिक्योर, Sagility India, गुजरात गैस, जेन टेक और eClerx Services में निवेशकों की मजबूत दिलचस्पी दिख रही है। दूसरी ओर, पेट्रोनेट एलएनजी, महानगर गैस, फोर्स मोटर्स, Aegis Vopak, जेके टायर, टाटा स्टील और Netweb Technologies में बिकवाली का दबाव दिख रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button