टैरिफ और रूस से तेल आयात को लेकर चल रहे तनाव के बीच अमेरिका का एक और एक्शन

नई दिल्ली
टैरिफ और रूस से तेल आयात को लेकर चल रहे तनाव के बीच अमेरिका ने भारत पर एक और ऐक्शन लिया है। अमरीका ने भारत के कुछ टॉप अधिकारियों के वीजा को रद्द कर दिया है। अधिकारियों पर अमरीका में प्रतिबंधित ड्रग्स फेंटेनाइल प्रीकर्सर की तस्करी में शामिल होने का आरोप लगाया है। नई दिल्ली स्थित अमरीकी दूतावास ने गुरुवार को ऐलान किया कि उसने कुछ भारतीय व्यापारिक अधिकारियों और कॉरपोरेट नेतृत्व का वीजा कैंसल कर दिया है। यह कदम अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा बड़े पैमाने पर ड्रग्स की तस्करी और नशीले पदार्थों के उत्पादन वाले देशों को चेतावनी दिए जाने के कुछ ही घंटों बाद उठाया गया है। भारत उन 23 देशों में शामिल था, जिन पर अमरीका ने कहा था कि वह इस संबंध में नजर रख रहा है।
अमरीकी दूतावास ने कहा कि कुछ भारतीय कंपनियों के अधिकारियों के वीजा रद्द करना अमरीकियों को खतरनाक सिंथेटिक नशीले पदार्थों के खतरे से बचाने के वॉशिंगटन के व्यापक प्रयास का हिस्सा है। नई दिल्ली स्थित अमरीकी दूतावास ने कहा कि इस निर्णय के परिणामस्वरूप, ये व्यक्ति और उनके करीबी परिवार के सदस्य अमरीका की यात्रा के लिए अयोग्य हो सकते हैं। जिन कंपनियों के अधिकारियों के बारे में ज्ञात है कि उन्होंने फेंटेनाइल प्रीकर्सर की तस्करी की है, उन्हें भी दूतावास द्वारा अमरीका के लिए वीजा के लिए आवेदन करते समय चिह्नित किया जाएगा। फेंटेनाइल और अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खतरे की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए, अमेरिकी दूतावास ने इससे निपटने में सहयोग के लिए भारत सरकार का भी धन्यवाद किया है।




