उत्तरप्रदेश

ट्रैक्टर के पहिए के नीचे आने से 8 साल के मासूम की मौत, आरोपी चालक गिरफ्तार

लखनऊ: जानकीपुरम में मंगलवार शाम एक दर्दनाक हादसे में आठ साल के मासूम रौनक उर्फ कृष्णा की जान चली गई। वह अपनी तीन बहनों के साथ पिता की दुकान के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान बैक कर रहे ट्रैक्टर के पिछले पहिए के नीचे आकर वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उसकी बहन अनु भी चोटिल हो गई।

दोनों को ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने रौनक को मृत घोषित कर दिया। अनु को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। परिजनों ने ट्रैक्टर चालक पर नशे में होने का आरोप लगाया है।

पिता कपड़ा प्रेस की चलाते हैं दुकान

बक्शी का तालाब के झालउवा गांव निवासी रामू जानकीपुरम के सेक्टर-7 में कपड़ा प्रेस करने की दुकान चलाते हैं। वह पत्नी गुड्डी, तीन बेटियों राधिका, अनु और मन्नू तथा बेटे रौनक के साथ रहते हैं। रौनक निजी स्कूल में कक्षा तीन का छात्र था। मंगलवार को वह पड़ोसी के साथ पिता की दुकान पर आया था। शाम को चारों बच्चे दुकान के बाहर खेल रहे थे। तभी ट्रैक्टर चालक ने वाहन पीछे किया और रौनक उसकी चपेट में आ गया। चालक के ट्रैक्टर आगे बढ़ाने से बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। पास में खड़ी अनु को भी चोटें आई।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

मौके पर मौजूद लोगों ने ट्रैक्टर रुकवाकर चालक को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। इंस्पेक्टर विनोद तिवारी ने बताया कि आरोपी चालक अमरेश बाराबंकी का निवासी है और नगर निगम का ट्रैक्टर चलाता है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

खेलते-खेलते उजड़ गई परिवार की खुशियां

रौनक रोज की तरह मंगलवार को भी पिता की दुकान पर आया था। किसी को अंदाजा नहीं था कुछ पलों में उनकी जिंदगी ही बदल जाएगी। जिस बेटे को हंसता-खेलता देख परिवार का दिन गुजरता था, उसकी मौत ने घर में मातम पसार दिया है। हादसे में बहन के घायल होने से परिवार की पीड़ा और बढ़ गई। रौनक की मौत से परिवारीजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Related Articles

Back to top button