दिल्ली में आज प्रदर्शन का साया, कनॉट प्लेस, भागीरथ पैलेस और सदर बाजार समेत कई बड़े बाजार रहेंगे बंद

नई दिल्लीः आज दिल्ली में होने वाले प्रदर्शन और सुरक्षा कारणों के चलते कई बाजार और सेवाएं बंद रहेंगी। कनॉट प्लेस, न्यू लाजपत राय मार्केट, भागीरथ पैलेस बिजली मार्केट, चावड़ी बाजार में लोहा भवन, करोल बाग में दोपहिया स्पेयर पार्ट्स मार्केट, बाजार मटियामहल जैसे बाजारों ने शनिवार को छुट्टी रखने की घोषणा कर दी है।
बाजार बंद होने पर क्या बोले एसोसिएशन के महामंत्री
नई दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन के महामंत्री विक्रम बधवार ने बताया कि अधिकारियों की सलाह और CP के आसपास की गंभीर स्थिति को देखते हुए शनिवार को दुकानें, रेस्टोरेंट्स और ऑफिस बंद रखने की सलाह दी गई है।
मार्केट बंद रखने का निर्णय
दिल्ली स्कूटर ट्रेडर्स एसोसिएशन उपाध्यक्ष विजय हुरिया ने बताया कि 10 अक्टूबर को कुछ संगठनों ने दिल्ली में विशाल प्रदर्शन का आह्वान किया है। अराजकता का माहौल बनने की आशंका है, ऐसे में मार्केट बंद रखने का निर्णय हुआ है।
दिल्ली पुलिस ने बाजार बंद रखने की दी सलाह
न्यू लाजपत राय मार्केट (PG Mkt) ट्रेडर्स पूरी तरह एसोसिएशन के प्रेजिडेंट कमल कालरा ने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से दिल्ली पुलिस ने बाजार बंद रखने की हिदायत दी है। दिल्ली इलेक्ट्रिकल ट्रेडर्स एसोसिएशन के प्रेजिडेंट अजय शर्मा ने बताया कि दिल्ली पुलिस के उच्चाधिकारियों के निर्देश पर 10 अक्टूबर को बिजली मार्केट बंद रहेगी।
जरूरी चीजों की खुलेगी दुकान
बाजार मटियामहल ट्रेडर्स एसोसिएशन के प्रधान हाजी सलीमुद्दीन ने बताया कि बाजार बंद रहेगा। पर आवश्यक वस्तुओं से जुड़ी दुकानें जरूर खुलेंगी। चावड़ी बाजार में दिल्ली आयरन एंड हार्डवेयर मर्चेट एसोसिएशन के अजय अग्रवाल ने बताया कि कई मेट्रो स्टेशन बंद रहने से व्यापारी और दुकानदार नहीं पहुंच सकेंगे।
शनिवार को सदर बाजार में भी रहेगी छुट्टी
मार्केट सुरक्षा को ध्यान में रखकर शनिवार को अवकाश रखा गया है। फेडरेशन ऑफ सदर बाजार ट्रेडर्स एसोसिएशन के प्रेजिडेंट राकेश यादव और महामंत्री राजेंद्र शर्मा ने बताया कि उनके बाजार में भी शनिवार को छुट्टी रहेगी।
दिल्ली में ये बाजार आज भी खुलेंगे
दिल्ली में कई बाजार खुले रहेंगे। सरोजिनी नगर मिनी मार्केट ट्रेडर्स एसोसिएशन के प्रेजिडेंट अशोक रंधावा ने बताया कि उनका बाजार शनिवार को खुला रहेगा। सरोजिनी नगर का मेट्रो स्टेशन भी खुला है। फेडरेशन ऑफ लाजपत नगर ट्रेडर्स एसोसिएशन के महामंत्री कुलदीप कुमार ने बताया कि 10 अक्टूबर को सेंट्रल मार्केट खुली रहेगी। लाजपत नगर मेट्रो स्टेशन भी खुला है।
कमला नगर बाजार भी लोगों के लिए खुला
ग्राहकों और दुकानदारों को आने में दिक्कत नहीं होगी। चांदनी चौक में दरीबा व्यापार मंडल के महामंत्री मनीष वर्मा ने बताया कि उनका बाजार भी खुला रहेगा। पड़ोस का लालकिला मेट्रो स्टेशन खुला रहेगा। कमला नगर ट्रेडर्स एसोसिएशन के प्रेजिडेंट नितिन गुप्ता ने बताया कि उनका मार्केट शनिवार को खुलेगा। जो मेट्रो स्टेशन खुले रहेंगे, आसपास के अधिकतर बाजारों में अवकाश नहीं है।




