मनोरंजन

‘दृश्यम’ के स्पैनिश रीमेक पर लगी मुहर, विदेशी प्रोड्यूसर ने खुद किया कन्फर्म, जून से शुरू होगी फिल्म की शूटिंग

नई दिल्ली. अजय देवगन की सुपरहिट ‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी अब सात समंदर पार अपनी धाक जमाने के लिए पूरी तरह तैयार है. साल 2024 में जब कुमार मंगत पाठक और अभिषेक पाठक ने इस फिल्म के इंटरनेशनल रीमेक राइट्स खरीदे थे, तभी से इसके विदेशी भाषाओं में बनने की चर्चा तेज थी. अब इस खबर पर पक्की मुहर लग गई है कि ‘दृश्यम’ का स्पैनिश रीमेक बहुत जल्द शुरू होने वाला है. मेकर्स ने कन्फर्म किया है कि अगले कुछ ही महीनों में फिल्म की शूटिंग फ्लोर पर चली जाएगी.

बॉम्बे टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, अजय देवगन की फिल्म दृश्यम के स्पैनिश रीमेक पर अब पक्की मुहर लग गई है. दिल्ली में चल रहे इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के दौरान फिल्म के प्रोड्यूसर रोड्रिगो एस्पिनेल ने खुद इस बात का खुलासा किया कि फिल्म की शूटिंग इसी साल जून से शुरू होने जा रही है.

रीमेक के लिए एक्टर्स-डायरेक्टर को किया साइन

रोड्रिगो ने बताया कि यह कहानी बहुत ही दिलचस्प है और इसे स्पेन के कल्चर के हिसाब से बड़े आराम से ढाला जा सकता है. उन्होंने यह भी साफ किया कि इस प्रोजेक्ट के लिए स्पेन के बेहतरीन एक्टर्स और एक बड़े डायरेक्टर को साइन कर लिया गया है. भारत की इस जबरदस्त कहानी को अब स्पैनिश अंदाज में देखना वाकई मजेदार होगा.

स्पैनिश वर्जन के प्रोड्यूसर ने फिल्म की सफलता पर भरोसा जताते हुए कहा कि ‘दृश्यम’ की मूल कहानी एक ऐसे पिता की है जो अपनी बेटी को बचाने की हर मुमकिन कोशिश करता है और एक ऐसी मां की जो अपने लापता बेटे को ढूंढ रही है. यह एक ऐसा इमोशन है जिसे दुनिया के किसी भी कोने का दर्शक आसानी से समझ सकता है. उन्होंने साफ किया कि किसी भी फिल्म को दूसरी भाषा में ढालना तब मुश्किल होता है जब उसकी कहानी बहुत ज्यादा लोकल हो, लेकिन ‘दृश्यम’ के साथ ऐसा नहीं है. यह भले ही एक भारतीय फिल्म है, पर इसकी आत्मा यूनिवर्सल है, जिसे स्पैनिश दर्शकों से जोड़ना काफी आसान होगा.

इस दिन रिलीज होगी दृश्यम 3 फिल्म

बताते चलें कि अजय देवगन की ‘दृश्यम’ का सफर मलयालम सिनेमा से शुरू हुआ था, जिसमें सुपरस्टार मोहनलाल लीड रोल में थे. बाद में अजय देवगन और तब्बू के साथ इसे हिंदी में बनाया गया, जिसे दर्शकों का भरपूर प्यार मिला. फिल्म के दोनों पार्ट्स ब्लॉकबस्टर रहे हैं और अब मेकर्स इसके तीसरे पार्ट पर तेजी से काम कर रहे हैं. एक बार फिर अजय देवगन अपने आइकॉनिक किरदार विजय सलगांवकर के किरदार में पर्दे पर वापसी करने जा रहे हैं. यह मूवी 2 अक्टूबर, 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button