महाराष्ट्रराष्ट्रीय

‘देश के लिए जरूरी है इंपोर्ट कम करना और एक्सपोर्ट बढ़ाना’, गडकरी ने समझाया राष्ट्रवाद का नया मतलब

मुंबई: केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने मंगलवार को मुंबई में एक कार्यक्रम में राष्ट्रवाद का नया मतलब समझाया। उन्होंने कहा कि देश के लिए सबसे जरूरी है आयात कम करना और निर्यात बढ़ाना। गडकरी ने ज्ञान और अनुसंधान को देश के विकास के लिए जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि जो देश ज्ञान में आगे होगा, वही ‘विश्वगुरु’ बनेगा। उन्होंने शिक्षा और इनोवेशन को राष्ट्रीय विकास से जोड़ने पर जोर दिया।

गडकरी ने क्या कहा?

नितिन गडकरी ने यहां एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि ज्ञान और अनुसंधान में आगे बढ़ने वाला देश ‘विश्वगुरु’ के रूप में उभरेगा। उन्होंने शिक्षा और नवाचार को राष्ट्रीय विकास के साथ जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि भारत को विश्वगुरु बनाने के लिए सबसे जरूरी चीज है ज्ञान। दुनिया में जो भी देश प्रगति करता है, वह वैसा ज्ञान और अनुसंधान के बल पर ही करता है। रक्षा, कृषि और सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में काफी अनुसंधान जारी है।

दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य

गडकरी ने कहा कि पहले युद्ध सैनिकों और टैंकों से लड़े जाते थे, लेकिन अब ड्रोन और मिसाइल का इस्तेमाल किया जा रहा है, जो वैश्विक गतिशीलता में ज्ञान-आधारित रणनीतियों की ओर बदलाव का संकेत है। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) सांसद गडकरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत को पांच हजार अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था और दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए, ज्ञान और अनुसंधान पर ध्यान केंद्रित करना और यह सुनिश्चित करना आवश्यक है कि हमें जो शिक्षा मिल रही है वह हमारे जीवन के लिए प्रासंगिक हो।

युवाओं का भविष्य देश के भविष्य से जुड़ा

गडकरी ने कहा कि युवाओं का भविष्य देश के भविष्य से जुड़ा है। जिन चीजों का हम आयात करते हैं…उन पर अनुसंधान करना, आयात कम करना और निर्यात बढ़ाना राष्ट्रवाद का सबसे बड़ा रूप है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि भौतिक विज्ञान और प्रौद्योगिकी में अनुसंधान से आयात पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी। गडकरी ने कहा कि दुनिया ने भारत की विरासत, इतिहास, संस्कृति और योग के ज्ञान में रुचि दिखायी है और देश को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि उसका ज्ञान समाज और राष्ट्र के लिए लाभकारी हो।

Related Articles

Back to top button