मध्यप्रदेश

प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला, इन जिलों में आज छाया रहेगा कोहरा, सबसे ठंडा है यह इलाका

भोपाल: मध्य प्रदेश में कड़ाके की ठंड के बीच अब मौसम के तेवर में बदलाव दिख रहा है। एक तरफ जहां न्यूनतम तापमान में गिरावट से रातें ठिठुरन वाली बनी हुई हैं, वहीं दिन में चटक धूप निकलने से अधिकतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। प्रदेश में वर्तमान में शहडोल जिले का कल्याणपुर सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

वहीं, इसके विपरीत, नर्मदापुरम में अधिकतम तापमान 29.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो प्रदेश में सर्वाधिक रहा। ग्रामीण इलाकों में शीतलहर और कड़ाके की ठंड के कारण लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं।

प्रमुख जिलों का तापमान

प्रमुख जिलों के तापमान की बात करें तो दतिया में पारा 5.4 डिग्री, जबकि राजगढ़, ग्वालियर और पचमढ़ी में यह 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मंडला में 5.9 और छतरपुर में 6.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा। दूसरी ओर, अनूपपुर के अमरकंटक में अधिकतम तापमान 14.4 डिग्री, आगर मालवा और नरसिंहपुर में 11.4 डिग्री तथा राजधानी भोपाल में 10.7 डिग्री सेल्सियस रहा। राहत की बात यह है कि प्रदेश में कहीं भी बारिश नहीं हुई और न ही शीतलहर का तत्काल प्रकोप देखा गया।

कोहरे का असर

हालांकि, कोहरे ने प्रदेश के कई हिस्सों को अपनी चपेट में ले रखा है। भोपाल, रीवा, दतिया, छतरपुर, ग्वालियर और उज्जैन सहित कई जिलों में हल्का कोहरा छाया रहा। ग्वालियर-चंबल अंचल और रीवा संभाग में कड़ाके की धूप नहीं होने के कारण कोहरे का असर भी दिखाई दे रहा है।

कैसा रहेगा मंगलवार का मौसम

मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए भी सावधानी बरतने की सलाह दी है। ग्वालियर, भिंड, मुरैना, रीवा और सतना सहित बुंदेलखंड और चंबल संभाग के जिलों में मध्यम से घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी जारी की गई है। हालांकि शीतलहर की कोई आधिकारिक चेतावनी नहीं है, जिससे लोगों को हाड़ कपाने वाली सर्दी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button