राज्यराष्ट्रीय

बंगाल: बर्फ कारखाने से लीक होकर जहरीली गैस गांव में फैली, 25 लोग अस्पताल में भर्ती

 कोलकाता। बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के हाड़ोवा थाना क्षेत्र के शापुकुर इलाके में रविवार रात एक बर्फ कारखाने से अमोनिया गैस का रिसाव होने से बच्चों और महिलाओं समेत कम से कम 25 ग्रामीण बीमार पड़ गए।

घटना रात करीब साढ़े नौ बजे की बताई जा रही है। अमोनिया गैस फैलने के बाद इलाके में अफरातफरी और दहशत का माहौल बन गया। बीमार लोगों को तत्काल हाड़ोवा ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।इलाके में फैली गैस

स्थानीय लोगों के अनुसार, रविवार शाम बर्फ कारखाने से अचानक अमोनिया गैस का रिसाव शुरू हुआ। कुछ ही देर में गैस आसपास के इलाके में फैल गई। इसके प्रभाव से कई ग्रामीणों को सांस लेने में परेशानी होने लगी। बच्चों और महिलाओं समेत कई लोग बीमार पड़ गए।

घटना की सूचना मिलते ही हाड़ोवा थाने की पुलिस और दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची। गैस रिसाव को नियंत्रित करने के साथ ही इसके कारणों की जांच शुरू की गई।

लोगों ने किया प्रदर्शन

घटना के बाद स्थानीय लोगों में कारखाना प्रबंधन के खिलाफ भारी नाराजगी देखने को मिली। ग्रामीणों ने कारखाना बंद करने की मांग को लेकर बेड़ाचांपा-हाड़ोवा मार्ग को अवरूद्ध कर और सड़क पर टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि उक्त कारखाने से बार-बार गैस रिसाव जैसी घटनाएं हो रही हैं, जिससे आसपास रहने वाले लोगों की जान खतरे में है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से कारखाने को बंद कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो।

Related Articles

Back to top button