छत्तीसगढ़

बाथरूम में घुसकर युवती से छेड़छाड़, विरोध करने पर मां-बेटी से मारपीट

रायगढ़। जिले के जूटमिल क्षेत्र में रहने वाली एक युवती से बाथरूम में घुसकर छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है। विरोध करने पर आरोपी युवक ने युवती और उसकी मां से मारपीट कर दी। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जुर्म दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार जूटमिल क्षेत्र में रहने वाली 21 वर्षीय युवती ने बृजेश महंत (27) के खिलाफ छेड़छाड़ और मारपीट की शिकायत दर्ज कराई है। युवती ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि होली के दिन दोपहर करीब 12 बजे वह अपने घर के सामने आंगन में बने बाथरूम में नहा रही थी। उसी दौरान आरोपी बृजेश महंत बाथरूम में घुस गया। बाथरूम में घुसने के बाद आरोपी ने उससे छेड़छाड़ शुरू कर दी।

युवक की हरकत से घबराकर युवती ने उसका विरोध किया और शोर मचाने लगी। विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट भी की। युवती के शोर मचाने पर उसकी मां मौके पर पहुंची। उसने अपनी बेटी को बचाने की कोशिश की। तब युवक ने महिला को धक्का दे दिया और उनके साथ भी मारपीट करने लगा। धक्का-मुक्की और मारपीट के दौरान युवती की मां को चोटें आई हैं। शोर सुनकर युवती के पिता भी घर से बाहर निकलकर मौके पर पहुंचे। पिता को आते देख आरोपी युवक वहां से भाग निकला। युवती की शिकायत पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।

Related Articles

Back to top button