राष्ट्रीय

बिहार में NDA की बहार, तेजस्वी का तेज फीका, मोदी बोले-सुशासन की जीत

ब्यूरो—नयी दिल्ली, बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की परफार्मेंस के आगे महागठबंध फीका पड़ गया है। चुनाव में एनडीए ने 200 सीटों का आंकड़ा पार कर इतिहास रच दिया है, जबकि महागठबंधन 40 सीटें भी हासिल नहीं कर पाया है। हालांकि अभी वोटों की गिनती जारी है और सीटों के आंकड़ों में हल्का फेरबदल हो सकता है, लेकिन यह तय है कि बिहार में फिर नीतीश कुमार की सरकार बनने जा रही है। एनडीए में मौजूद भाजपा, जदयू और लोजपा ने महागठबंधन में मौजूद कांग्रेस, आरजेडी सहित अन्य दलों को बता दिया है कि महागठबंधन उनके आगे कुछ भी नहीं है।

दूसरी ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की जीत को सुशासन, विकास, जन-कल्याण की भावना और सामाजिक न्याय की जीत बताते हुए कहा है कि यह प्रचंड जीत गठबंधन को नये संकल्प के साथ जनता की सेवा करने की शक्ति प्रदान करेगा। श्री मोदी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में कह कि सुशासन की जीत हुई है। विकास की जीत हुई है। जन-कल्याण की भावना की जीत हुई है। सामाजिक न्याय की जीत हुई है। बिहार के मेरे परिवारजनों का बहुत-बहुत आभार, जिन्होंने 2025 के विधानसभा चुनावों में राजग को ऐतिहासिक और अभूतपूर्व जीत का आशीर्वाद दिया है। यह प्रचंड जनादेश हमें जनता-जनार्दन की सेवा करने और बिहार के लिए नए संकल्प के साथ काम करने की शक्ति प्रदान करेगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि मैं राजग के प्रत्येक कार्यकर्ता का आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने अथक परिश्रम किया है। उन्होंने जनता के बीच जाकर हमारे विकास के एजेंडे को सामने रखा और विपक्ष के हर झूठ का मजबूती से जवाब दिया। मैं उनकी हृदय से सराहना करता हूं। श्री मोदी ने इस जीत को उत्साह के साथ जनता की सेवा करने का अवसर बताया और कहा कि आने वाले समय में हम बिहार के विकास, यहां के इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्य की संस्कृति को नयी पहचान देने के लिए बढ़-चढक़र काम करेंगे। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि यहां की युवा शक्ति और नारी शक्ति को समृद्ध जीवन के लिए भरपूर अवसर मिले।

विकसित बिहार में विश्वास रखने वाले हर नागरिक की जीत
गृह मंत्री अमित शाह ने बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की जीत को प्रदर्शन की राजनीति की जीत बताते हुए कहा है कि तुष्टीकरण की राजनीति कर लोगों को गुमराह करने वालों को बिहार की जनता ने करारा जवाब दिया है और कहा है कि यह विकसित बिहार में विश्वास रखने वाले हर बिहारवासी की जीत है। श्री शाह ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में शुक्रवार को कहा कि यह विकसित बिहार में विश्वास रखने वाले हर बिहारवासी की जीत है। जंगलराज और तुष्टीकरण की राजनीति करने वाले चाहे किसी भी भेष में आएं, उन्हें लूटने का मौका नहीं मिलेगा। जनता अब अपना जनादेश सिर्फ और सिर्फ प्रदर्शन की राजनीति के आधार पर देती है। उन्होंने कहा कि मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और एनडीए के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को बधाई देता हूं। साथ ही, बूथ स्तर से लेकर राज्य स्तर तक भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं को भी सलाम करता हूं जिन्होंने यह परिणाम लाया है। मैं बिहार की जनता और विशेषकर हमारी माताओं-बहनों को आश्वस्त करता हूं कि जिस आशा और विश्वास के साथ आपने मोदी जी के नेतृत्व में एनडीए को यह जनादेश दिया है, एनडीए सरकार उसे और भी अधिक समर्पण से पूरा करेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button