तकनीकी

बैंक की वेबसाइट असली है या नकली? चुटकियों में ऐसे लगाएं पता

Fake Bank Website: आज के डिजिटल दौर में बैंक की लंबी लाइनों में खड़ा होना लगभग खत्म ही हो गया है. पैसे ट्रांसफर करने और बैलेंस चेक करने के लिए यूपीआई ऐप्स से मिनटों में यह काम हो जाता है. वहीं बैंक खाते से जुड़ी और जरूरी चीजों जैसे मोबाइल नंबर अपडेट करना, अपना पता बदलना या चेक बुक मंगवाना इन कामों के लिए नेट बैंकिंग का सहारा लिया जाता हैं. 

ऑनलाइन बैंकिग का फायदा साइबर ठग भी उठा रहे हैं. हाल ही में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है जहां ठगों ने साल 2021 में केनरा बैंक की फर्जी वेबसाइट बनाकर एक शख्स से 27 लाख रुपये की ठगी कर ली थी. पुलिस ने इस मामले में 5 साल बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

आज के वक्त में हैकर्स काफी स्मार्ट हो गए हैं वह नकली वेबसाइट का डिजाइन, लोगो और कलर बिल्कुल असली वेबसाइट जैसा बनाते हैं. जब कोई आम इंसान गूगल पर अपने बैंक का नाम सर्च करता है तो वह अनजाने में इन नकली वेबसाइट्स के जाल में फंसकर पैसे गंवा देता है.चलिए बताते हैं कि आप असली और नकली वेबसाइट का फर्क कैसे पकड़ सकते हैं.

एड्रेस बार में चेक करें लाॅक

केनरा बैंक वाले मामले की तरह किसी भी फर्जीवाड़े से बचने के लिए सबसे पहले वेबसाइट के एड्रेस बार यानी URL को ध्यान से देखें. जब भी आप किसी बैंक की वेबसाइट खोलें तो उसकी शुरुआत हमेशा https:// से होनी चाहिए. इसमें लगे s का मतलब सिक्योर होता है और इसके ठीक बगल में एक छोटा सा ताले यानी Padlock का निशान बना होता है. अगर किसी साइट पर सिर्फ http लिखा है और ताले का निशान नहीं है तो वहां गलती से भी अपनी डिटेल्स न डालें

सरकार का नया डोमेन

इसके अलावा रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया यानी RBI ने अब फर्जीवाड़ा रोकने के लिए सभी भारतीय बैंकों को .bank.in डोमेन इस्तेमाल करने का निर्देश दिया है. यह खास डोमेन किसी आम इंसान या ठग को नहीं मिल सकता. इसलिए हमेशा चेक करें कि आपके बैंक के वेब एड्रेस के आखिर में आधिकारिक डोमेन ही लिखा हो.

ऐसे बनाते हैं फर्जी वेबसाइट

साइबर ठग लोगों की जल्दबाजी का फायदा उठाते हैं और वेबसाइट की स्पेलिंग में बहुत ही मामूली सा बदलाव कर देते हैं. मसलन केनरा बैंक या किसी दूसरे बैंक के नाम में अंग्रेजी के छोटे अक्षर l (एल) की जगह बड़ा I (आई) लगा दिया जाता है. या फिर o की जगह जीरो 0 लिख दिया जाता है. कई बार बैंक के नाम के आगे online, kyc या update जैसे शब्द जोड़कर फर्जी लिंक तैयार कर लिए जाते हैं. 

गूगल ऐड्स का लेते हैं सहारा

ठगी का एक बड़ा जरिया गूगल सर्च पर दिखने वाले स्पॉन्सर्ड ऐड्स भी हैं. जब आप गूगल पर बैंक का नाम या कस्टमर केयर नंबर सर्च करते हैं तो सबसे ऊपर आने वाले एक-दो रिजल्ट्स कई बार ठगों द्वारा पैसे देकर चलाए गए विज्ञापन होते हैं. लोग बिना देखे सबसे पहले लिंक पर क्लिक कर देते हैं. इसलिए हमेशा ऊपर के Sponsored लिखे लिंक्स को छोड़कर नीचे आने वाली आधिकारिक वेबसाइट पर ही क्लिक करें.

इन तरीकों से पहचानें नकली वेबसाइट 

अगर आप किसी बैंकिंग वेबसाइट पर पहुंच गए हैं और मन में जरा सा भी शक है. तो लॉगिन करने से पहले वहां दो-तीन चीजें जरूर ट्राई करके देखें. नकली वेबसाइट बनाने वाले ठग पूरी वेबसाइट नहीं बनाते बल्कि सिर्फ फ्रंट लॉगिन पेज ही डिजाइन करते हैं ताकि आपका आईडी और पासवर्ड चुरा सकें. अगर आप उस पेज पर मौजूद दूसरे विकल्पों जैसे About Us, Privacy Policy या Contact Us पर क्लिक करेंगे तो वे काम ही नहीं करेंगे या फिर बार-बार घूमकर आपको वापस लॉगिन पेज पर ही ले आएंगे. 

दूसरी सबसे बड़ी पहचान यह है कि कोई भी असली बैंक लॉगिन करते समय आपसे एक ही बार में आपका एटीएम पिन, सीवीवी नंबर, कार्ड की एक्सपायरी डेट और ओटीपी एक साथ नहीं मांगता है. अगर कोई वेबसाइट लॉगिन करते ही आपकी सारी जानकारियां भरने के लिए फॉर्म खोल दे तो तुरंत एलर्ट हो जाएं और उस पेज को तुरंत बंद कर दें.

Related Articles

Back to top button