भारत-दक्षिण अफ्रीका में पहला वनडे आज, क्या टॉस बनेगा ‘बॉस’, मुकाबला दोपहर बाद 1:30 बजे

झारखंड की राजधानी रांची के जेएससीए स्टेडियम में रविवार को भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला खेला जाएगा। यह मुकाबला काफी खास माना जा रहा है, क्योंकि अब केवल वनडे में खेल रहे रोहित शर्मा और विराट कोहली वनडे सीरीज में आकर्षण का केंद्र होंगे। वे इससे 2027 में होने वाले विश्व कप के लिए अपना दावा भी मजबूत करने की कोशिश करेंगे। भारतीय टीम प्रबंधन इस सीरीज से चयन संबंधी समस्याओं का समाधान भी करना चाहेगा। उसे दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हाल में समाप्त हुई टेस्ट सीरीज के दौरान चयन संबंधी मसलों के कारण आलोचना का सामना करना पड़ा था। भारत को अगले दो महीनों में केवल छह एकदिवसीय मैच खेलने हैं।
दक्षिण अफ्रीका के बाद भारतीय टीम तीन जनवरी से न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू धरती पर तीन वनडे मैच की सीरीज खेलेगी। ऐसे में सभी की निगाह भारतीय क्रिकेट के दो दिग्गजों रोहित और कोहली पर टिके रहना स्वाभाविक है। रांची के जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों के लिए अनुकूल नहीं मानी जाती है। यह पिच हाई स्कोरिंग नहीं होती। यहां गेंदबाजों को ज्यादा मदद मिलती है। स्पिनर्स के लिए यह पिच ज्यादा असरदार साबित होती है। तेज गेंदबाजों को यहां शुरुआती ओवर में मदद मिल सकती है। टीम इंडिया ने रांची में छह वनडे मुकाबले खेले हैं, जिसमें से भारत ने तीन में जीत दर्ज की है। दो में उनको हार का सामना करना पड़ा, जबकि एक मुकाबला बेनतीजा रहा।
भारत— केएल राहुल (कप्तान), रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, विराट कोहली, तिलक वर्मा, ऋषभ पंत, वाशिंगटन सुंदर, रविंद्र जडेजा, कुलदीप यादव, नीतीश कुमार रेड्डी, हर्षित राणा, ऋतुराज गायकवाड़, प्रसिद्ध कृष्णा, अर्शदीप सिंह, ध्रुव जुरेल।
दक्षिण अफ्रीका— तेंबा बावुमा (कप्तान), एडेन मार्करम, डेवाल्ड ब्रेविस, नांद्रे बर्गर, क्विंटन डी कॉक, मार्को यानसेन, टोनी डी जॉर्जी , रुबिन हरमन, ओटनील बार्टमैन, कॉर्बिन बॉश, मैथ्यू ब्रीट्जक़े, केशव महाराज, लुंगी एनगिडी, रयान रिकेलटन, प्रेनेलन सुब्रायन।




