महाराष्ट्रराष्ट्रीय

महाराष्ट्र को भाषा संबंधी नियम वापस लेने चाहिएं

हमारे आधुनिक राजनेताओं पर भरोसा किया जा सकता है कि वे गैर-मुद्दों से मुद्दे बना लेंगे और राष्ट्र के विकास और प्रगति को प्रभावित करने वाली वास्तविक चिंताओं या रोजगार, मुद्रास्फीति और जीवन की गुणवत्ता में सुधार जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों से जनता का ध्यान हटाने में सफल हो जाएंगे। भले ही देश ने अगले 2 दशकों में ‘विकसित भारत’ या एक विकसित राष्ट्र बनने का लक्ष्य रखा हो, राजनीतिक नेता धर्म, भाषा, जाति और क्षेत्र के नाम पर समाज में विभाजन पैदा करके देश को नीचे खींचने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। कोई भी देश, जो पहले से ही विकसित है या बनने की आकांक्षा रखता है, उसने कभी ऐसे प्रतिगामी कदम नहीं उठाए और न ही वह देख रहा है।

ऐसा ही एक अनावश्यक विवादास्पद मुद्दा जिसे हाल ही में उठाया गया है, महाराष्ट्र से संबंधित है। राज्य सरकार ने अनिवार्य कर दिया है कि सभी ऑटो रिक्शा और टैक्सी चालकों को मराठी सीखनी होगी, अन्यथा उन्हें गाड़ी चलाने का अधिकार खोने का जोखिम उठाना पड़ेगा। कभी ऐसी शिकायतें नहीं सुनी गईं कि चालक यह नहीं समझ सके कि यात्रियों को कहां उतारना है या उन्हें किसी अन्य संचार समस्या का सामना करना पड़ा, भले ही ऐसे बड़ी संख्या में चालक दूसरे राज्यों से हों। नए नियम अत्यधिक भेदभावपूर्ण और असंवैधानिक हैं। कल्पना कीजिए कि यदि अन्य सभी राज्य भी ऐसे नियम लागू करने लगें। भाषा का संरक्षण या उसके उपयोग को प्रोत्साहित करना एक बात है लेकिन किसी की आजीविका छीनने की धमकी के तहत इसे लागू करना दूसरी बात है।

यह कदम महाराष्ट्र में संकीर्ण भाषायी राजनीति की ओर एक व्यापक झुकाव को दर्शाता है। इसके संकेत कुछ समय से दिख रहे हैं : स्कूलों में त्रि-भाषा फॉर्मूले को लेकर बार-बार होने वाली खींचतान, शिवसेना (यू.बी.टी.) द्वारा हिंदी ‘थोपने’ का डर खड़ा करना और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना द्वारा गुंडागर्दी की घटनाएं, जो खुद को मराठी गौरव का ‘संरक्षक’ बताती हैं। विडंबना यह है कि ये निर्देश उस चीज की अनदेखी करते हैं जो वास्तव में मुंबई को चलाती है। नौकरियों को भाषायी दक्षता पर सशर्त बनाकर, यह प्रवासी श्रमिकों को नुकसान में डालता है, भले ही उनका श्रम शहर की अर्थव्यवस्था को बनाए रखता है। मुंबई जैसे तेजी से बढ़ते महानगरों में सार्वजनिक परिवहन लचीलेपन, पैमाने और उन श्रमिकों पर निर्भर करता है, जो जहां भी अवसर मौजूद हों, वहां जाने के लिए तैयार रहते हैं। गहरे स्तर पर, यह आंदोलन की स्वतंत्रता के संवैधानिक अधिकार का भी उल्लंघन करता है। संविधान प्रत्येक नागरिक को भारत के किसी भी हिस्से में रहने और बसने तथा कोई भी पेशा या व्यवसाय करने का अधिकार देता है।

बीच में लाखों मुंबईकर फंसे हुए हैं, जिन्हें छोड़ दिया गया है, जो अधिक किराया देने या अपनी दैनिक यात्रा में लंबी देरी सहने के लिए मजबूर हैं। यहां चयनात्मक प्रवर्तन का सवाल भी उठता है। यदि अर्ध-सार्वजनिक परिवहन चालकों को मराठी सीखने के लिए कहा जा रहा है, क्योंकि वे दैनिक रूप से जनता के साथ बातचीत करते हैं, तो यही तर्क अन्य सेवा प्रदाताओं पर भी लागू होना चाहिए-सड़क विक्रेता, दुकानदार, डिलीवरी कर्मचारी, व्यवसाय के मालिक, कर्मचारी और बहुत कुछ। केवल ड्राइवरों को लक्षित करना तर्कसंगत नहीं है। मुंबई प्रवासियों द्वारा बनाई गई है। इसलिए सरकार को समावेशी विकास पर ध्यान केंद्रित करना और संवैधानिक स्वतंत्रता की रक्षा करनी चाहिए, न कि संकीर्ण राजनीति के आगे झुकना, जो अवसरों को सीमित और व्यक्तिगत स्वतंत्रता को संकुचित करती है।-विपिन पब्बी

Related Articles

Back to top button