मध्यप्रदेश

‘…मारने-काटने की धमकी दी जा रही है’, मोनालिसा का नया वीडियो संदेश

महाकुंभ वायरल गर्ल मोनालिसा भोसले ने एक नया वीडियो जारी कर सनसनी मचा दी है. वीडियो में वह कहती नजर आ रही हैं कि उन्हें और उनके पति को खुलेआम मारने और काटने की धमकियां दी जा रही हैं. उन्होंने कहा कि वह यह वीडियो एक लेटर के साथ मुख्यमंत्री, पुलिस कमिश्नर और मीडिया को भेज रही हैं और सभी से मदद की अपील कर रही हैं.

मोनालिसा ने भावुक अपील करते हुए कहा, “प्लीज हमारी मदद करो, हमें लगातार धमकियां मिल रही हैं.” इस मामले ने सोशल मीडिया पर भी तेजी से चर्चा पकड़ ली है और लोगों के बीच चिंता बढ़ गई है.

‘लव जिहाद’ के आरोपों के बीच बढ़ा तनाव

दरअसल, मोनालिसा भोसले ने हाल ही में केरल में मुस्लिम युवक फरमान खान से शादी की थी, जिसके बाद यह मामला विवादों में आ गया. कुछ संगठनों ने इस शादी को “लव जिहाद” का नाम दिया, जिससे दोनों के खिलाफ माहौल और तनावपूर्ण हो गया. इस बीच, कपल ने वीडियो जारी कर साफ किया कि उन्होंने अपनी मर्जी से शादी की है और अब उन्हें सुरक्षा की जरूरत है.

वीडियो में मोनालिसा और फरमान दोनों ने कहा कि उन्होंने पहले ही अधिकारियों से संपर्क किया है और अपनी सुरक्षा को लेकर गुहार लगाई है. उन्होंने बताया कि लगातार मिल रही धमकियों के कारण वे मानसिक दबाव में हैं और चाहते हैं कि प्रशासन इस मामले में तुरंत हस्तक्षेप करे.

केरल सरकार के समर्थन का जताया आभार

शादी के बाद इस जोड़े ने केरल सरकार से मिले सहयोग के लिए आभार भी जताया था. मोनालिसा ने कहा कि उन्हें राज्य सरकार से काफी समर्थन मिला और वह सभी धर्मों को समान मानती हैं. उन्होंने कहा कि उनके लिए हर धर्म बराबर है और उन्होंने अपने जीवन का फैसला खुद लिया है.

वहीं फरमान खान ने भी शादी के आयोजन को लेकर खुशी जाहिर की. उन्होंने बताया कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनकी शादी इतनी बड़ी होगी. उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में कई लोग शामिल हुए और राज्य के शिक्षा मंत्री समेत अन्य लोगों ने उन्हें आशीर्वाद भी दिया.

महाकुंभ से मिली पहचान, फिल्म प्रोजेक्ट में हुई मुलाकात

मोनालिसा और फरमान खान की शादी 11 मार्च 2026 को अरुमानूर श्री नैनार देवा मंदिर में हुई थी. इस शादी ने देशभर में काफी ध्यान खींचा. इससे पहले मोनालिसा 2025 के महाकुंभ मेले के दौरान वायरल वीडियो के जरिए चर्चा में आई थीं, जब वह रुद्राक्ष की मालाएं बेचती नजर आई थीं.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों की मुलाकात एक फिल्म प्रोजेक्ट के दौरान हुई थी, जहां से उनकी नजदीकियां बढ़ीं. परिवार की आपत्तियों के बावजूद उन्होंने शादी का फैसला लिया और केरल पुलिस से सुरक्षा की मांग की. अधिकारियों ने भी स्पष्ट किया है कि बालिग होने के नाते दोनों को अपने जीवनसाथी का चुनाव करने का कानूनी अधिकार है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button