उत्तरप्रदेश

यूपी का मौसम : आज और कल शीत लहर का अलर्ट, कानपुर शहर में 8℃ तक लुढ़का पारा

लखनऊ: यूपी का मौसम 15 नवंबर 2025: उत्तर प्रदेश में धीरे-धीरे ठंड बढ़ती जा रही है। रात में ठंड अब बढ़ने लगी है। हालांकि अभी दिन में ठंड पड़नी शुरू नहीं हुई है। प्रदेश में अगले एक हफ्ते तक मौसम साफ रह सकता है। 15 और 16 नवंबर को शीत लहर का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान सुबह के समय धुंध के साथ कहीं-कहीं हल्का से मध्यम कोहरा पड़ने की भी संभावना है।

15 नवंबर को प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्से में मौसम शुष्क रह सकता है। इस दौरान सुबह के समय कहीं-कहीं छिछला कोहरा छाने की संभावना है। इसी तरह 16 नवंबर को भी प्रदेश के दोनों हिस्सों में मौसम साफ रह सकता है। इस अवधि में शनिवार और रविवार को कहीं-कहीं शीत लहर की दशाएं बनने की संभावना है। इसके अलावा 17, 18, 19 और 20 नवंबर को प्रदेश में मौसम साफ रह सकता है। हालांकि इस दौरान प्रदेश में किसी तरह का कोई अलर्ट नहीं जारी किया गया है।

वहीं प्रदेश के तापमान की बात करे तो कानपुर शहर में सबसे कम 8℃ न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है। इटावा में 8.4℃, बरेली में 9.2℃, अयोध्या में 9.5℃, बाराबंकी में 9.6℃, लखनऊ में 11.4℃, बुलंदशहर में 10℃, शाहजहांपुर में 10.2℃, मेरठ में 10.6℃ और मुजफ्फरनगर में 10.5℃ न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है।

मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि प्रदेश के मध्यवर्ती जिलों में आगामी 2 से 3 दिनों के दौरान आंशिक शीत लहर की स्थिति बन सकती है।
उन्होंने बताया कि फिलहाल प्रदेश में कोई सक्रिय मौसम तंत्र मौजूद नहीं है। इसके बावजूद पश्चिमी हिमालय से लगातार आ रही ठंडी एवं शुष्क उत्तर-पश्चिमी हवाएं, आसमान का साफ रहना और इससे उत्पन्न विकिरणीय शीतलन, साथ ही मध्य भारत में बने प्रतिचक्रवात के कारण ठंडी हवाओं का नीचे उतरना इन सभी कारकों ने तापमान में ठीकठाक गिरावट दर्ज कराई है।

इसी के चलते पिछले कुछ दिनों से प्रदेश में दिन और रात, दोनों तापमान सामान्य से काफी नीचे बने हुए हैं। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, अगले 2-3 दिनों में मामूली गिरावट के अलावा किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से 3-5 डिग्री सेल्सियस नीचे रहने के साथ कई जगहों पर यह 10°C से नीचे भी जा सकता है।

ऐसी परिस्थितियों में देर रात और भोर के समय आंशिक शीत लहर चलने की आशंका है। हालांकि दिन में धूप निकलने के कारण इसके प्रभाव के घटने की संभावना है। इस दौरान प्रदेश में अधिकतम तापमान भी सामान्य से 1-4°C कम रहने का अनुमान है।

Related Articles

Back to top button