राष्ट्रीय

राज्यसभा से केंद्र की राजनीति करेंगे नीतीश : आज नामांकन, बिहार कैबिनेट में बदलाव की संभावना

पटना। नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की अटकलों ने बिहार की सियासत में हलचल तेज कर दी है। करीब 21 वर्षों से राज्य की सत्ता की धुरी रहे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अब सक्रिय कार्यपालिका की भूमिका से हटकर संसद के उच्च सदन राज्यसभा में जाने की तैयारी में हैं। दो दशक लंबी राज्य की राजनीति के बाद एक बार फिर नीतीश कुमार के केंद्र की राजनीति में लौटने के आसार दिखाई दे रहे हैं।

अमित शाह की मौजूदगी में करेंगे नामांकन

दरअसल, सूत्रों के हवाले से यह बात निकलकर आई है कि सीएम नीतीश राज्यसभा जाएंगे। आज गृहमंत्री अमित शाह की मौजूदगी में बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ नामांकन दाखिल कर सकते हैं। हालांकि, जेडीयू की तरफ से अभी औपचारिक तौर पर एलान नहीं हुआ है। लेकिन माना जा रहा है कि सुबह साढ़े 11 बजे नीतीश कुमार नामांकन कर सकते हैं।

राज्यसभा में खाली हो रही पांच सीट

दरअसल, बिहार से राज्यसभा कोटे की 5 सीट खाली होने वाली है, जिसमें से बीजेपी ने अपने तीन सीटों पर उम्मीदवारों के नाम का एलान कर दिया है। इनमें नितिन नवीन के साथ रालोमो अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा, शिवेश राम का नाम शामिल है।

वहीं जेडीयू कोटे के 2 सीटों पर नाम का एलान नहीं हो पाया है। हालांकि, केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर को तीसरी बार फिर से राज्यसभा भेजा जा सकता है। इसके अलावा, दूसरी सीट पर खुद नीतीश कुमार राज्यसभा जा सकते हैं।

बिहार कैबिनेट में बड़े बदलाव की संभावना

अगर नीतीश कुमार राज्यसभा जाते हैं तो बिहार कैबिनेट में बड़ा फेरबदल संभव है। लंबे समय से मुख्यमंत्री पद की दावेदारी कर रही बीजेपी को सीएम पद मिल सकता है।

इसके अलावा, डिप्टी सीएम पद की कुर्सी जेडीयू को मिल सकती है। वहीं आज नीतीश के बेटे निशांत की भी राजनीतिक करियर का आगाज होने वाला है। चर्चा यह है कि विधानपरिषद का सदस्य बनकर निशांत सीधे डिप्टी सीएम बन सकते हैं।

Related Articles

Back to top button