खेल

रोमांचक मुकाबले में हारा भारत, ऑस्ट्रेलिया ने सीरीज में बनाई 2-0 की अजेय बढ़त

एडिलेड। प्लेयर ऑफ द मैच एडम जम्पा (60 रन पर चार विकेट) की बेहतरीन गेंदबाजी तथा मैथ्यू शार्ट (74) और कूपर कोनली (नाबाद 61) की शानदार अर्धशतकीय पारियों से ऑस्ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ रोमांचक दूसरे वनडे में गुरूवार को दो विकेट से जीत दर्ज कर तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अपराजेय बढ़त बना ली। भारत ने रोहित शर्मा (73), श्रेयस अय्यर (61) और अक्षर पटेल (44) की शानदार पारियों की मदद से निर्धारित 50 ओवर में नौ विकेट पर 264 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया,लेकिन विराट कोहली लगातार दूसरे मैच में शून्य पर लुढ़क गए। ऑस्ट्रेलिया ने विकेट गंवाने के बावजूद 46.2 ओवर में आठ विकेट पर 265 रन बनाकर जीत और सीरीज अपने नाम कर ली।

कोनली ने 53 गेंदों में पांच चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 61 रन की मैच विजयी पारी खेली। शार्ट ने 78 गेंदों पर 74 रन की संयमित पारी में चार चौके और दो छक्के लगाए। मिचेल ओवेन ने 23 गेंदों पर 36 रन में दो चौके और तीन छक्के मारे। मेजबान टीम ने सतर्कता के साथ शुरुआत की। हेड और मार्श ने शुरुआत में समय लिया और फिर मार्श आउट हो गए। हेड भी ज़्यादा नुकसान नहीं पहुंचा सके और राणा का शिकार बने। शॉर्ट ने रेनशॉ के साथ मिलकर पारी को संभाला और समय पर चौके जड़े।

भारत ने भी शॉर्ट के दो कैच छोड़े, जो अपना अर्धशतक पूरा कर चुके थे। उनके आउट होने के बाद ओवेन आए और उन्होंने पारी को जल्दी खत्म करने की कोशिश की। कूपर कोनली दूसरे छोर पर अनुभवी बल्लेबाज़ी कर रहे थे। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने अपना अर्धशतक पूरा किया और ओवेन तब आउट हो गए जब उन्हें कुछ ही रनों की ज़रूरत थी। बार्टलेट और स्टार्क भी आउट हो गए, लेकिन कोनली ने रन बनाना जारी रखा और अपनी टीम को जीत दिला दी। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के कप्तान मिचेल मार्श ने टॉस जीतकर भारत के खिलाफ पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी रोहित शर्मा और कप्तान शुभमन गिल की सलामी जोड़ी ने अभी 17 रन जोड़े थे कि सातवें ओवर में जेवियर बार्टलेट ने शुभमन गिल (9) को मिचेल मार्श के हाथों कैच आउट कराकर पवेलियन भेज दिया।

इसके बाद बल्लेबाजी करने आए स्टार क्रिकेटर विराट कोहली को जेवियर बार्टलेट ने पगबाधा कर बिना खाता खोले ही पवेलियन भेज दिया। उन्होंने चार गेंदों का सामना किया और एक भी रन नहीं बना पाये। इसके बाद श्रेयस अय्यर ने रोहित शर्मा के साथ तीसरे विकेट के लिए 118 रन जोड़े। 30वें ओवर में मिचेल स्टार्क ने रोहित शर्मा को आउटकर इस साझेदारी का अंत किया। रोहित शर्मा ने 97 गेंदों में सात चौके और दो छक्के लगाते हुए 73 रनों की पारी खेली।

भारत का चौथा विकेट 160 के स्कोर पर श्रेयस अय्यर के रूप में गिरा। श्रेयस अय्यर ने 77 गेंदों में सात चौके लगाते हुए 61 रन बनाये। उन्हें एडम जम्पा ने बोल्ड आउट किया। के एल राहुल (11), वॉशिंगटन सुंदर (12), नीतीश कुमार रेड्डी (आठ) रन बनाकर आउट हुये। अक्षर पटेल ने 41 गेंदों में पांच चौकों की मदद से 44 रनों की पारी खेली। अर्शदीप सिंह 13 रन बनाकर नौवें विकेट के रूप में आउट हुये। उन्हें मिचेल स्टार्क ने बोल्ड आउट किया। ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजी आक्रमण के आगे भारतीय बल्लेबाज खुल नहीं पाये और अंतराल पर विकेट गंवाते रहे। भारत ने निर्धारित 50 ओवरों में नौ विकेट पर 264 का स्कोर खड़ा किया। हर्षित राणा 18 गेंदों में 24 रन बनाकर नाबाद रहे। ऑस्ट्रेलिया की ओर से एडम जम्पा ने चार विकेट लिये। जेवियर बार्टलेट को तीन विकेट मिले। मिचेल स्टार्क ने दो बल्लेबाजों को आउट किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button