वंदे भारत के सामने रेलवे ओवरब्रिज पर रील बना रहे थे कपल, दोनों की हरकत पर भड़के लोग फिर…

इस वीडियो में एक कपल वंदे भारत एक्सप्रेस के सामने खड़ा होकर रील बनाते हुए नजर आता है। वे दोनों रेलवे के ओवरब्रिज पर चढ़कर वहां खड़े होते हैं और एक भोजपुरी गाने पर एक्टिंग करते हैं।
आजकल सोशल मीडिया का क्रेज इस कदर बढ़ गया है कि लोग कुछ भी करने को तैयार हो जाते हैं। खासकर रील्स बनाने का जुनून तो कई लोगों के सिर पर सवार हो चुका है। इस जुनून में लोग न केवल अजीब हरकतें करते हैं, बल्कि कभी-कभी अपनी जान तक जोखिम में डाल देते हैं। हाल ही में इंटरनेट पर वायरल हुआ एक वीडियो इसका साफ उदाहरण है। आइए जानते हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
इस वीडियो में एक कपल वंदे भारत एक्सप्रेस के सामने खड़ा होकर रील बनाते हुए नजर आता है। वे दोनों रेलवे के ओवरब्रिज पर चढ़कर वहां खड़े होते हैं और एक भोजपुरी गाने पर एक्टिंग करते हैं। जैसे ही ट्रेन तेजी से उनके पास से गुजरती है, कपल के बाल हवा में उड़ते हैं और दोनों अभिनय जारी रखते हैं। इस खतरनाक स्टंट जैसी हरकत को देखकर इंटरनेट पर लोग गुस्से से भर उठे।
लोगों ने की कपल के खिलाफ कार्रवाई की मांग
वीडियो को देखने के बाद ज्यादातर यूजर्स ने कपल पर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि ऐसे लोगों की वजह से दूसरों को गलत संदेश मिलता है और कोई प्रभावित होकर ऐसी ही हरकत करने की कोशिश कर सकता है। यही वजह है कि कई लोगों ने इसे अपराध की श्रेणी में रखा है। सोशल मीडिया पर इस वीडियो के कमेंट सेक्शन में हजारों लोगों ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।
वीडियो पर यूजर्स ने दिए ऐसे रिएक्शंस
वीडियो को बड़ी संख्या में लोग देख रहे हैं। इसे अब तक 42 लाख से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं। वहीं, करीब चार हजार लोगों ने लाइक किया है और 200 से ज्यादा लोगों ने कमेंट किया है। X पर @gemsofbabus_ नाम के अकाउंट से यह वीडियो शेयर किया गया था। उन्होंने लिखा कि लोग अब सोशल मीडिया पर कुछ सेकंड की शोहरत पाने के लिए अपनी जान दांव पर लगा रहे हैं। तेज रफ्तार ट्रेन के इतने करीब खड़े होना बेहद खतरनाक है। वीडियो पर लोगों की प्रतिक्रियाएं भी काफी सख्त रही हैं। किसी ने लिखा कि ऐसे लोगों पर तुरंत कार्रवाई होनी चाहिए ताकि कोई और इस तरह की हरकत न करे। एक और यूजर ने कहा कि भले ही ट्रेन और कपल के बीच दूरी ज्यादा लग रही हो, लेकिन वह खुद भी ऐसा करने की सोच भी नहीं सकता। किसी ने सुझाव दिया कि सार्वजनिक जगहों पर रील बनाना पूरी तरह से बंद होना चाहिए। वहीं एक यूजर ने कहा कि कुछ भारतीयों में दिखावा करने की आदत होती है। वे खुद को दूसरों से बेहतर दिखाने के लिए कुछ भी कर गुजरते हैं। चाहे उसमें खतरा ही क्यों न हो।




