छत्तीसगढ़

वकीलों के खिलाफ अभद्र टिप्पणी, अधिवक्ता संघ ने सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर थाने में की शिकायत

मनेन्द्रगढ़। सोशल मीडिया पर वकीलों के विरुद्ध कथित तौर पर की गई अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर जिला अधिवक्ता संघ मनेन्द्रगढ़ ने कड़ा ऐतराज जताया है। अधिवक्ता संघ ने इस मामले में सिटी कोतवाली प्रभारी को लिखित शिकायत सौंपते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

अधिवक्ता संघ द्वारा दी गई शिकायत के अनुसार, रघुनाथ पोद्दार उर्फ कल्लू और एक निजी चैनल के संचालक शराफत अली के खिलाफ यह तहरीर दी गई है। आरोप है कि 25 जनवरी 2026 को शराफत अली ने अपने फेसबुक अकाउंट के माध्यम से रघुनाथ पोद्दार का एक वीडियो इंटरव्यू प्रसारित किया था। इस इंटरव्यू में रघुनाथ पोद्दार ने वकीलों के खिलाफ कथित रूप से अमर्यादित, अपमानजनक और आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया।

शिकायत में उल्लेख किया गया है कि वीडियो इंटरव्यू के दौरान रघुनाथ पोद्दार ने वकील समुदाय पर राजस्व अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ मिलकर “नेक्सस” चलाने और प्रोपेगेंडा फैलाने जैसे गंभीर आरोप लगाए। अधिवक्ता संघ का कहना है कि इस प्रकार के बयान न केवल निराधार हैं, बल्कि इससे पूरे वकील समुदाय की छवि को ठेस पहुंची है।

जिला अधिवक्ता संघ की बैठक में लिया गया कड़ा निर्णय

मामले की गंभीरता को देखते हुए 04 फरवरी 2026 को जिला अधिवक्ता संघ की एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि सोशल मीडिया के माध्यम से इस तरह के भ्रामक और अपमानजनक वीडियो प्रसारित कर अधिवक्ताओं के प्रति समाज में अनादर की भावना पैदा की जा रही है। संघ के अनुसार करीब 13 मिनट के इस वीडियो को बड़ी संख्या में लोगों ने देखा और साझा किया है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि वकील समुदाय को जानबूझकर बदनाम करने का प्रयास किया गया।

FIR और कड़ी कार्रवाई की मांग

अधिवक्ता संघ ने पुलिस को सौंपे गए पत्र में कहा है कि दोनों व्यक्तियों ने एकराय होकर अधिवक्ताओं की प्रतिष्ठा और सम्मान को नुकसान पहुंचाया है। संघ ने मांग की है कि मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए और आईटी एक्ट सहित अन्य संबंधित कानूनी धाराओं के तहत दोषियों के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाए।

शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जिला अधिवक्ता संघ ने स्पष्ट किया है कि अधिवक्ताओं की गरिमा और सम्मान के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इस तरह की हरकतों के खिलाफ कानूनी स्तर पर पूरी मजबूती से लड़ाई लड़ी जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button