खेलराष्ट्रीय

विराट का एलान- 2027 आखिरी विश्व कप होगा: बोले- ट्रॉफी के लिए सब दांव पर लगा दूंगा; रोहित ने बताया आगे का प्लान

विराट कोहली ने कहा कि 2027 वनडे विश्व कप भारत के लिए उनका आखिरी विश्व कप होगा और वह खिताब जीतने के लिए अपना सब कुछ झोंकने को तैयार हैं। रोहित शर्मा ने भी विश्व कप को लेकर अपनी उत्सुकता जाहिर की और कहा कि खेलते रहने तक हमेशा कुछ नया हासिल करने की चुनौती रहती है।

भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने 2027 वनडे विश्व कप को लेकर अपने इरादे साफ कर दिए हैं। कोहली ने कहा कि दक्षिण अफ्रीका में होने वाला 2027 आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप भारत के लिए उनका आखिरी वनडे विश्व कप होगा और वह खिताब जीतने के लिए जो कुछ भी करना पड़ेगा, उसके लिए बिल्कुल तैयार हैं। भारत के दो दिग्गज खिलाड़ी विराट कोहली और रोहित शर्मा अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सिर्फ एक ही प्रारूप खेल रहे हैं। दोनों की नजरें 2027 विश्व कप पर हैं और रविवार से वेस्टइंडीज के खिलाफ शुरू होने वाले नए घरेलू सत्र के साथ विश्व कप की तैयारियों का सिलसिला भी शुरू हो जाएगा।

’50 ओवर के विश्व कप की तीव्रता सबसे ज्यादा’
पहले वनडे से पहले जियोस्टार से बातचीत में कोहली ने 50 ओवर के विश्व कप की चुनौती और अपनी प्रेरणा के बारे में बात की। कोहली ने कहा, ’50 ओवर के विश्व कप की तीव्रता किसी भी चीज से ज्यादा होती है। अब यह 10 मैचों में टी20 स्तर की तीव्रता जैसा है। लेकिन आप एक दिन में ढाई टी20 मैच खेल रहे होते हैं। एक बड़े टूर्नामेंट और विश्व कप के 10 मैचों तक उस तीव्रता को बनाए रखना बड़ी बात है। साथ ही अब यह विदेशी परिस्थितियों में है। यह आपसे बहुत कुछ ले लेता है।’

उन्होंने आगे कहा, ‘मेरे लिए यह भारत के लिए आखिरी विश्व कप है जो मैं खेलने वाला हूं। यही मेरी प्रेरणा है। मैं अपना सब कुछ मैदान पर छोड़ देना चाहता हूं। जाहिर तौर पर लक्ष्य विश्व कप जीतना है और इसे जीतने के लिए जो कुछ भी करना पड़ेगा, मैं उसके लिए बिल्कुल तैयार हूं।’

विश्व कप में शानदार है कोहली का रिकॉर्ड

  • विराट कोहली विश्व कप इतिहास के सबसे सफल बल्लेबाजों में शामिल हैं। उन्होंने वनडे विश्व कप में अब तक 37 मैच खेले हैं, जिसमें 59.83 की औसत से 1,795 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके नाम 5 शतक और 12 अर्धशतक हैं। उनका सर्वोच्च स्कोर 117 रन है।
  • अपने पूरे वनडे करियर में कोहली ने 302 पारियों में 14,941 रन बनाए हैं। उनका बल्लेबाजी औसत 58.59 है और उनके नाम 54 शतक और 79 अर्धशतक दर्ज हैं। वनडे में उनका सर्वोच्च स्कोर 183 रन है, जबकि स्ट्राइक रेट 93.95 रहा है।
  • टी20 विश्व कप में भी कोहली का रिकॉर्ड शानदार है। उन्होंने 35 मैचों में 58.73 की औसत से 1,292 रन बनाए हैं। उनके नाम 15 अर्धशतक हैं, जो इस टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे ज्यादा हैं। कोहली 2014 और 2016 में दो बार टी20 विश्व कप के प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट भी रह चुके हैं

Related Articles

Back to top button