महाराष्ट्र

शहजाद भट्टी के नेटवर्क पर महाराष्ट्र ATS की नजर, जांच के दायरे में 16 हैंडलर

मुंबई: शहजाद भट्टी को आतंकवादी घोषित किए जाने के बाद महाराष्ट्र एटीएस (ATS) सक्रिय हो गई है। खुफिया सूचनाओं के आधार पर उसके नेटवर्क से जुड़े करीब 16 हैंडलरों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। इनमें अमल गुज्जर, अबाद जाट, फारूक खोखर, जाफर सुपारी, शनी टाइगर, राणा हुनैन, हसन गुज्जर, सोहेल अहमद उर्फ सोहेल बलूच, सरदार जोरासिंह उर्फ डोगर, यावर खान, हम्माद मेमन, सोहेल चौधरी, शेख सलमान, सरफराज डोगर, अबू मूसा, नोमी खान और मुन्ना झिंगाड़ा समेत कई नामों का उल्लेख है। इन सभी की भूमिका की जांच जारी है।

सूत्रों के मुताबिक, इन हैंडलरों के जरिए भारत में अशांति फैलाने की कथित कोशिशों की जांच की जा रही है। जांच एजेंसियों को आशंका है कि नेटवर्क के सदस्य सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को अपने जाल में फंसा रहे हैं।

युवाओं को पैसों और विदेश जाने का लालच:

एक अधिकारी के अनुसार, युवाओं से कुछ खास जगहों के विडियो बनाने, आतंक फैलाने वाले पोस्टर लगाने या मंत्रियों की जानकारी और फोन नंबर जुटाने जैसे काम कराए जाने का टास्क दिया गया है। इसके बदले उन्हें पैसे, हथियार या विदेश जाने का अवसर देने का लालच दिया जाता है। एजेंसियां इस बात की भी जांच कर रही हैं कि इन गतिविधियों के पीछे कौन लोग हैं और नेटवर्क का संचालन किस तरह किया जा रहा है।

कई राज्यों में दर्ज हैं मामले:

रिपोर्ट के अनुसार, भट्टी और उससे जुड़े हैंडलरों के खिलाफ दिल्ली, उत्तराखंड, गुजरात, उत्तर प्रदेश, बिहार, तेलंगाना, महाराष्ट्र और पंजाब समेत कई राज्यों में 100 से अधिक मामले दर्ज हैं। इनमें पंजाब में सबसे अधिक 25 मामले होने और 20 मामलों में गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) लगाए जाने का दावा किया गया है।

सोशल मीडिया गतिविधियों पर सतर्कता की अपील:

ATS ने लोगों से सोशल मीडिया पर अनजान या संदिग्ध व्यक्तियों के संपर्क में आने से बचने, बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखने और उनके व्यवहार में अचानक बदलाव दिखने पर सतर्क रहने की अपील की है। जांच के दौरान किसी संदिग्ध नेटवर्क से संपर्क या गतिविधि सामने आने पर पूछताछ हो सकती है।

Related Articles

Back to top button