उत्तरप्रदेश

शहनाई बजने से पहले उजड़ गईं खुशियां! दूल्हा लापता, परिवार की आंखों में सिर्फ आंसू

Chitrakoot News: उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां मानिकपुर थाना क्षेत्र के ककरौहली गांव में एक युवक अपनी शादी से ठीक दो महीने पहले रहस्यमयी तरीके से गायब हो गया है। घर में शहनाइयां बजने की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन अब वहां सिर्फ सन्नाटा और अपनों के आंसू हैं।

क्या है पूरी घटना?
गढ़चपा ग्राम पंचायत के ककरौहली गांव का रहने वाला 20 वर्षीय राजकरण उर्फ राजा 2 मार्च की रात से लापता है। परिजनों के अनुसार, उस शाम गांव के बरम बाबा मंदिर में भंडारा था, जहां से राजकरण परिवार के साथ लौटकर घर आया और सो गया। लेकिन 3 मार्च की सुबह जब घरवाले जागे, तो राजकरण गायब था। हैरानी की बात यह है कि राजकरण अपना मोबाइल फोन और चप्पलें भी घर पर ही छोड़ गया है। बिना मोबाइल और जूतों के अचानक गायब होना किसी अनहोनी की आशंका को जन्म दे रहा है।

14 मई को होनी थी शादी
राजकरण के पिता श्यामलाल ने रुंधे गले से बताया कि उनके बेटे की हाल ही में सगाई हुई थी और 14 मई को उसकी शादी तय थी। घर में खुशियों का माहौल था और किसी से कोई पुरानी रंजिश या विवाद भी नहीं था। राजकरण तीन भाइयों में सबसे छोटा है और पूरे परिवार का लाडला है।

पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने इस मामले में भारी लापरवाही बरती है। युवक के भाई भूरा प्रजापति ने बताया कि हमने 3 मार्च को ही सरैया चौकी और मानिकपुर थाने में सूचना दे दी थी, लेकिन तीन दिन बीत जाने के बाद भी कोई पुलिसकर्मी हमारे घर नहीं पहुंचा। मजबूरी में हमें सड़क जाम करनी पड़ी, तब जाकर प्रशासन जागा। गढ़चपा के प्रधान पति मिंटू सिंह बघेल ने भी पुलिस पर समय रहते कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि अगर पुलिस शुरुआत में ही सक्रिय होती, तो शायद अब तक युवक का सुराग लग गया होता।

वर्तमान स्थिति
सड़क जाम और ग्रामीणों के भारी विरोध के बाद अब पुलिस प्रशासन हरकत में आया है। पुलिस ने परिजनों को आश्वासन दिया है कि युवक की तलाश के लिए टीमें लगा दी गई हैं और जल्द ही उसे ढूंढ लिया जाएगा। फिलहाल, पूरा गांव और परिवार राजकरण की सकुशल वापसी की प्रार्थना कर रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button