सागर में जहरीली शराब से पांच की मौत, दर्जनों की हालत बिगड़ी; अस्पताल में अफरा-तफरी मची

सागर के बंडा क्षेत्र के कई गांवों में संदिग्ध जहरीली शराब पीने के बाद दर्जनों ग्रामीणों की तबीयत बिगड़ गई। इनमें पांच लोगों की मौत की बात सामने आई है।
सागर जिले की बंडा तहसील के घूघरा जालमपुर और बराज सहित आसपास के गांवों में संदिग्ध जहरीली शराब पीने से हड़कंप मच गया है। जहरीली शराब के सेवन से दर्जनों ग्रामीणों की हालत अचानक बिगड़ गई, जिनमें से 5 लोगों की मौत हो चुकी है। डॉक्टरों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मृतकों का आंकड़ा और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, अभी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
अस्पताल में अफरा-तफरी, गंभीर मरीज सागर रेफर
घटना सामने आते ही बीमार पड़े लोगों को तत्काल इलाज के लिए सिविल अस्पताल बंडा लाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। बंडा अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद जिनकी हालत अधिक चिंताजनक बनी हुई है, उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए जिला अस्पताल सागर रेफर किया जा रहा है।
कलेक्टर और एसपी मौके पर मौजूद
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सागर कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक (एसपी) प्रशासनिक व पुलिस अमले के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रभावित गांवों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया और बंडा अस्पताल पहुंचकर मरीजों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए।
आधिकारिक पुष्टि का इंतजार
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। हालांकि, शराब के जहरीली होने और मौतों की आधिकारिक संख्या को लेकर फिलहाल प्रशासनिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस और आबकारी विभाग मामले की गहन जांच में जुट गए हैं।




