संपादकीय

‘सुपर पॉवर’ जमीं पर

‘सुपर पॉवर’ अमरीका के विमान साढ़े 4 घंटे तक जमीन पर रहे। उड़ानें ठप हो गईं। उस दौरान करीब 3500 विमान आसमान में उड़ान भर रहे थे, उन्हें तुरंत आसपास के हवाई अड्डे पर उतरने के आदेश दिए गए। करीब 13,000 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। कुछ ने यह आंकड़ा 9000 बताया है। जो भी है, लेकिन 15 लाख से अधिक हवाई यात्रियों को प्रभावित होना पड़ा। हवाई अड्डों पर अफरा-तफरी मच गई। यात्रियों ने आक्रोश, गुस्सा व्यक्त किए। कुछ जगह अधिकारियों को हाथापाई भी झेलनी पड़ी। विमानन का यह संकट अमरीका ने पहली बार नहीं झेला है, बल्कि 9/11 आतंकी हमले के बाद भी उसके सुपर, अत्याधुनिक, कथित सर्वश्रेष्ठ करीब 4500 विमानों को जमीन सूंघनी पड़ी थी। क्या यह संचार प्रणाली के फेल होने की ही घटना थी अथवा कोई बड़ा, सटीक साइबर हमला किया गया था? अमरीका में ही दुनिया की विख्यात कंपनी माइक्रोसॉफ्ट की डिजिटल सेवाएं 30 लंबे घंटों तक बाधित रहीं, नतीजतन 74 देशों में करोड़ों यूजर्स असहाय हो गए। इंटरनेट ठप हो गए, लिहाजा मेल भी नहीं भेजी जा सकीं। सेवाएं शुक्रवार रात तक बहाल हो सकीं। साइबर हमला न तो राष्ट्रपति टं्रप और उनके मंत्रियों ने कबूल किया है और न ही माइक्रोसॉफ्ट ने स्वीकार किया है। ‘सुपर पॉवर’ ऐसे हमले कैसे और क्यों स्वीकार करेगी? लेकिन सवाल सहज है कि फिर इतने व्यापक स्तर पर सिस्टम फेल कैसे हो गए? वे ठप क्यों हुए? यदि 9/11 आतंकी हमले की पुनरावृत्ति नहीं हुई, तो विमानों और एयर टै्रफिक कंट्रोल (एटीसी) के तमाम सिस्टम एक साथ फेल कैसे हो गए? विमानन में एक नहीं, कई वैकल्पिक सिस्टम होते हैं। विशेषज्ञ मानते हैं कि विमान और एटीसी के सभी सिस्टम एक साथ फेल हो ही नहीं सकते। क्या आज भी अमरीकी विमानन संचार प्रणाली 1980 के तांबे की तारों के भरोसे चल रही है? उन्हें अपग्रेड किया जा रहा था।

यह राष्ट्रपति टं्रप ने भी माना है कि सिस्टम ‘आउटडेटेड’ हो गया था, लिहाजा उसे अपग्रेड करने के लिए 30.1 अरब डॉलर का तुरंत बजट अमरीकी कांग्रेस से मांगा गया था, लेकिन इस मांग के ही अगले दिन सिस्टम ध्वस्त हो गया। यह वाकई आश्चर्य है। अमरीका की प्रौद्योगिकीय विश्वसनीयता पर सवाल किए जा रहे हैं। क्या यही ‘सुपर पॉवर’ का अंदरूनी सच है? सवाल यह भी है कि एक साथ 22 एटीसी केंद्रों पर एआई (कृत्रिम बौद्धिकता) टूल कैसे फेल साबित हुए? क्या यह एआई हमला भी हो सकता है? इस संदर्भ में नोबेल पुरस्कार विजेता ब्रिटिश-कनाडाई कंप्यूटर वैज्ञानिक जेफ्री हिंटन की चेतावनी गौरतलब है, जिसमें कहा गया था कि आगामी तीन साल में एआई मानवता पर हावी हो जाएगी। इनसान के अस्तित्व के लिए खतरा साबित होगी। एआई ‘नियंत्रण से बाहर’ हो सकती है! इनसान तमाम नियंत्रण खो सकता है! हिंटन को एआई और मशीन लर्निंग का ‘गॉड फादर’ माना जाता रहा है। क्या सिस्टम का यह ध्वस्तीकरण उस दौर की भूमिका लिख गया है? अमरीका दुनिया के देशों को विमान, प्रौद्योगिकी, टूल्स और बहुत कुछ बेचता है और एकमात्र ‘सुपर पॉवर’ होने के दंभ पालता है। बीते दिनों ईरान ने अमरीका पर अप्रत्याशित, अकल्पनीय हमले करने की कई बार चेतावनियां, धमकियां दी हैं। क्या ईरान, चीन या रूस के सहयोग से, ऐसा हमला कर सकता है कि अमरीकी विमान व्यवस्था ही जमींदोज हो जाए? जनवरी, 2023 में भी एफएए के मुख्य कंप्यूटर सिस्टम में ऐसी खराबी आई थी कि 10,800 विमानों की सेवाएं एकदम ठप हो गई थीं। होमलैंड, टे्रजरी विभाग, पेंटागन में साइबर हमले से सब कुछ निष्क्रिय हो गया था। नतीजतन तत्कालीन राष्ट्रपति बाइडेन को ‘आपातकाल’ घोषित करना पड़ा था। बहरहाल यह समय और दौर साइबर और एआई का है, लिहाजा ऐसे संकट अमरीका ही नहीं, यूरोप और खासकर भारत में भी पैदा हो सकते हैं। भारत का मुख्य सर्वर ही विदेशी है। एआई के लिए फिलहाल हम विदेशी कंपनियों पर ही आश्रित हैं। भारत के विमान भी विदेशी हैं, लेकिन ज्यादातर अत्याधुनिक प्रणाली के नहीं हैं। भारत में एयर टै्रफिक बढ़ रहा है। विमानन ढांचे के साथ-साथ एटीसी को भी अधिक दुरुस्त करना पड़ेगा। भारत को समय रहते यह कदम उठाने होंगे ताकि उसे अमरीका जैसी स्थिति का सामना न करना पड़े। साथ ही अमरीका को अब एहसास हो गया होगा कि सुपर पॉवर होने पर उसे घमंड नहीं करना चाहिए। वहां पर जो हुआ है, वह अमरीका के लिए तो सबक है ही, साथ ही राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के लिए भी एक बड़ा सबक है। ट्रंप की पार्टी जबकि पहले ही कांग्रेस (संसद) में हाल के मध्यावधि चुनाव में पिछड़ गई है।

Related Articles

Back to top button