सेंट्रल मार्केट में सीलिंग के विरोध में कारोबारियों का आज मेरठ बंद का ऐलान

मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ में सेंट्रल मार्केट की दुकानों को सील करने के विरोध में कारोबारियों ने गुरुवार को मेरठ बंद का ऐलान किया है। इसके तहत सुबह पांच बजे से ही व्यापार संघ के शीर्ष पदाधिकारी बाजारों में निकल जाएंगे। इस बंद को सफल बनाने के लिए 655 व्यापारिक संगठनों और व्यापार संघों ने आह्वान किया है।
बंद को प्रभावी बनाने के लिए संयुक्त व्यापार संघ ने 27 टीमें बनाई हैं। हालांकि इस दौरान आवश्यक सेवाओं पर असर नहीं पड़ेगा। दूध और ब्रेड जैसी आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति नहीं रोक जाएगी। इसके अलावा परिवहन सेवाएं सुचारु रहेंगी। दवा दुकानें बंद रहेंगी। प्राइवेट अस्पतालों में सुबह की ओपीडी बंद रहेंगी पर आपातकालीन सेवाएं जारी रहेंगी।
दोपहर 3 बजे तक बंद रहेंगे पेट्रोल पंप
पेट्रोल पंप दोपहर 3 बजे तक बंद रहेंगे। गैस की बुकिंग ऑनलाइन होने के कारण व्यापारी इसकी सप्लाई को प्रभावित नहीं करेंगे। हालांकि एजेंसियों के शटर पूरी तरह बंद रखे जाएंगे। इस बंदी को जिला बार, पेट्रोप पंप एसोसिएशन और आईएमए ने भी अपना समर्थन दिया है।
44 अवैध निर्माणों के खिलाफ एक्शन
आपको बता दें कि शास्त्रीनगर स्थित सेंट्रल मार्केट में बुधवार को उस समय अफरातफरी मच गई जब आवास विकास परिषद की टीम ने 44 अवैध व्यावसायिक निर्माणों के खिलाफ सीलिंग की कार्रवाई शुरू कर दी थी। भारी पुलिस बल के बीच कारोबारियों ने इस कार्रवाई का जमकर विरोध किया जिससे तनाव के हालात पैदा हो गए। इस दौरान एक व्यापारी को हार्ट अटैक आ गया जिसे लेकर लोग तुरंत अस्पताल भागे।
व्यापारियों और पुलिस टीम में हुई नोकझोंक
सीलिंग के दौरान व्यापारियों और पुलिस टीम के बीच जमकर नोकझोंक हुई। सीलिंग के विरोध में व्यापारियों ने गुरुवार को मेरठ बंद का ऐलान किया था। उनका कहना था कि उन्होंने पहले ही करीब 70 करोड़ रुपये आवास विकास परिषद में जमा कराए हैं। बगैर उनको वापस किए सीलिंग की कार्रवाई गलत है।




