राष्ट्रीय

हापुड़ में बारातियों से भरी बस और ट्रक की टक्कर में 6 की मौत, कई घायल

 धौलाना (हापुड़)। धौलाना-मसूरी मार्ग पर रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। अरविंद डेयरी के पास बारात से लौट रही बस और सामने से आ रहे ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।

हादसा इतना भीषण था कि बस ट्रक के नीचे जा दबी और मौके पर चीख-पुकार मच गई। इस दुर्घटना में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि 13 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, डासना निवासी इकराम कुरैशी के पुत्र की बारात गुलावठी गई थी।

खाई में पलट गए वाहन 

शादी समारोह के बाद बारात देर रात करीब 1:30 बजे वापस लौट रही थी। जैसे ही बस अरविंद डेयरी के पास पहुंची, सामने से आ रहे ट्रक से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस ट्रक के नीचे दब गई और दोनों वाहन सड़क किनारे खाई में पलट गए।

हादसे की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत और हाईड्रा मशीन की मदद से बस को ट्रक के नीचे से निकालकर उसमें फंसे लोगों को बाहर निकाला गया।

चार घायलों को उपचार के बाद दी छुट्टी

घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया। इस हादसे में सोनू पुत्र जहीर, यूसुफ पुत्र बशीर, अख्तर पुत्र हमीद, यूनुस पुत्र कदीर, मुन्ना पुत्र मेहरबान और बस चालक अशोक पुत्र रतिराम की मौत हो गई।

चार घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि तीन अन्य का इलाज अभी जारी है। सूचना पर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक समेत क्षेत्राधिकारी पिलखुवा भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button