10 साल पहले आया था अनलिमिटेड स्टोरेज वाला फोन, आज भी लोग कर रहे इस्तेमाल

आज लोगों के लिए 1-2 TB स्टोरेज वाले स्मार्टफोन भी कम पड़ जाते हैं लेकिन आज से 10 साल पहले गूगल ने एक स्मार्टफोन लॉन्च किया था, जो कि अनलिमिटेड क्लाउड स्टोरेज के साथ आता था। वह गूगल का पहला Pixel स्मार्टफोन था, जिसके जरिए लोग ओरिजनल क्वालिटी में जितने चाहें उतने फोटो-वीडियो गूगल की क्लाउड स्टोरेज में सेव कर सकते थे।
आज स्मार्टफोन ज्यादा से ज्यादा स्टोरेज के साथ आने लगे हैं। बावजूद इसके लोगों की फोन स्टोरेज बेहद जल्दी फुल हो जाती है। यही वजह है कि आज 1TB या 2TB स्टोरेज वाले फोन भी आसानी से देखने को मिल जाते हैं। हालांकि बहुत कम लोग जानते हैं कि आज से 10 साल पहले एक स्मार्टफोन लॉन्च किया गया था जो कि अनलिमिटेड क्लाउड स्टोरेज के साथ आता था। इसे लॉन्च करने वाली कंपनी कोई और नहीं बल्कि गूगल थी और जी हां हम Google Pixel स्मार्टफोन की बात कर रहे हैं।
यह पहला पिक्सल फोन था इसलिए इसके नाम के आगे कोई नंबर मौजूद नहीं था। Google Pixel स्मार्टफोन की खासियत थी कि इसमें गूगल ने अनलिमिटेड क्लाउड स्टोरेज का वादा किया था, जिसे कि लोग आज भी इस्तेमाल कर रहे हैं। चलिए इस कमाल के फोन के बारे में डिटेल में जानते हैं।
साल 2016 में गूगल ने अपना पहला Pixel फोन लॉन्च किया था। इस फोन की खासियत थी कि यह अनलिमिटेड क्लाउड स्टोरेज के साथ आता था। गूगल ने इस खास फीचर को अपने Pixel 5 तक जारी रखा था। इन स्मार्टफोन्स की खासियत थी कि यह हाई क्वालिटी में फोटो-वीडियो को स्टोर करने के लिए अनलिमिटेड गूगल क्लाउड स्टोरेज ऑफर करते थे। इसका मतलब था कि यूजर को अपने फोन की स्टोरेज भर जाने की चिंता करने की जरूरत ही नहीं थी क्योंकि वे जितनी चाहें उतनी फोटो-वीडियो ओरिजनल क्वालिटी में क्लाउड स्टोरेज में रख सकते थे। इस खास फीचर ने कई लोगों को Pixel स्मार्टफोन खरीदने पर मजबूर किया था।
गूगल ने फ्री अनलिमिटेड स्टोरेज वाला प्लान अपने Pixel 5 डिवाइस तक जारी रखा लेकिन 1 जून 2021 वह तारीख थी, जब Google ने सभी यूजर्स के लिए अनलिमिटेड फ्री स्टोरेज खत्म करने का ऐलान किया। इसके बाद सभी यूजर्स को एक गूगल आईडी पर 15GB क्लाउड स्टोरेज फ्री दी जाने लगी। वहीं Pixel 3 और उससे पुराने पिक्सल स्मार्टफोन्स को ओरिजनल क्वालिटी में अनलिमिटेड क्लाउड स्टोरेज इस्तेमाल करने मौका 31 जनवरी 2022 तक मिला। ऐसा करने की सबसे बड़ी वजह थी कि गूगल अपने क्लाउड स्टोरेज फीचर से पैसे कमाना चाहता था। फ्री अनलिमिटेड क्लाउड स्टोरेज को खत्म करके गूगल चाहता था कि यूजर्स क्लाउड स्टोरेज के लिए पैसे खर्च करें।
फिलहाल Pixel स्मार्टफोन खरीदने वाले यूजर्स को हर Google अकाउंट के साथ Photos, Drive और Gmail के लिए कुल 15GB फ्री स्टोरेज मिलती है। इस स्टोरेज के बाद ज्यादा स्टोरेज के लिए यूजर्स को पैसे खर्च करने पड़ते हैं। हालांकि बता दें कि Pixel 5 और उससे पुराने स्मार्टफोन्स के लिए गूगल आज भी ‘स्टोरेज सेवर’ क्वालिटी में अनलिमिटेड स्टोरेज की सुविधा देता है।




