राष्ट्रीय

2 राज्यों की 5 राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव का हुआ ऐलान, 24 अक्टूबर को होगा मतदान

नई दिल्ली: चुनाव आयोग ने बुधवार को जम्मू-कश्मीर से राज्यसभा की चार सीटों के लिए द्विवार्षिक चुनाव और पंजाब से राज्यसभा की एक सीट के लिए चुनावों की घोषणा की है। दोनों राज्यों की सीटों के लिए मतदान 24 अक्टूबर को सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक होंगे। इसी दिन एक घंटे बाद शाम पांच बजे से वोटों की गिनती शुरू हो जाएगी। जिसके बाद रिजल्ट की घोषणा कर दी जाएगी।

आयोग ने बताया कि जम्मू-कश्मीर से यह चारों सीट 2021 से खाली थी। केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव होने के करीब एक साल बाद यह चुनाव हो रहे हैं। 15 फरवरी 2021 को गुलाम नबी आजाद और नजीर अहमद लावे ने अपना कार्यकाल पूरा किया था। इनके अलावा दो अन्य सदस्य फैयाज अहमद मीर और शमशेर सिंह मन्हास ने भी इसी साल 10 फरवरी को अपना कार्यकाल पूरा कर लिया था। तब से यह सीट खाली थी।

जम्मू- कश्मीर को लेकर चुनाव आयोग ने अहम बातें कहीं

आयोग ने कहा कि पूर्ववर्ती जम्मू-कश्मीर राज्य को जम्मू-कश्मीर (विधानसभा सहित) और लद्दाख (विधानसभा रहित) केंद्र शासित प्रदेशों में विभाजित किया गया है। जम्मू और कश्मीर पुनर्गठन अधिनियम के अनुसार मौजूदा जम्मू और कश्मीर राज्य का प्रतिनिधित्व करने वाले राज्यसभा के चार वर्तमान सदस्यों को जम्मू और कश्मीर संघ राज्य क्षेत्र को आवंटित सीटों को भरने के लिए निर्वाचित माना जाएगा। सभी चार सीट मौजूदा सदस्यों के कार्यकाल की समाप्ति के बाद से रिक्त पड़ी थीं। क्योंकि रिक्तियों के समय चुनाव कराने के लिए आवश्यक निर्वाचक मंडल उपलब्ध नहीं था।

पंजाब में राज्यसभा सीट पर भी 24 अक्टूबर को चुनाव होगा

आयोग ने पंजाब के बारे में बताया कि पंजाब से आम आदमी पार्टी (आप) सदस्य संजीव अरोड़ा के इस्तीफे से रिक्त हुई राज्यसभा सीट को भरने के लिए भी उपचुनाव 24 अक्टूबर को होगा। पंजाब विधानसभा के लिए चुने जाने के बाद उन्होंने इस्तीफा दे दिया था। हालांकि उनका राज्यसभा कार्यकाल नौ अप्रैल 2028 को समाप्त होना था।

दोनों राज्यों के लिए नामांकन पत्र भरने की प्रक्रिया छह अक्टूबर से शुरू हो जाएगी। 13 अक्टूबर तक पर्चे भरे जा सकते हैं। 14 अक्टूबर को भरने गए नामांकन पत्रों की जांच होगी।16 अक्टूबर तक नाम वापस लेने का दिन होगा। 24 अक्टूबर को चुनाव और इसी दिन शाम को रिजल्ट आ जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button