61 साल के बूढ़े ने की 28 साल छोटी लड़की से शादी, मौत से पहले दी 400 करोड़ की जायदाद,

दुनियाभर में कई ऐसे लोग हैं, जिन्होंने अपने से छोटी उम्र के पार्टनर से शादी की है. कभी कोई दादी अपने पोते की उम्र के लड़के को पति बना लेती है, तो कभी कोई बूढ़ा आदमी अपने से 30 साल छोटी लड़की को बीवी बना लेता है. लेकिन बवाल तब मचता है, जब संपत्ति का बंटवारा होता है. ऐसे ही एक पारिवारिक जंग की कहानी चीन से सामने आई है, जिसने सोशल मीडिया पर तूफान खड़ा कर दिया है. यहां के 61 साल के एक अरबपति कारोबारी ने पहले तो अपने से 28 साल छोटी लड़की से दूसरी शादी की, फिर उन्होंने अपनी मौत से ठीक पहले पूरी संपत्ति (करीब 400 करोड़ रुपये) अपनी 33 साल की दूसरी पत्नी के नाम कर दी. इस फैसले ने पहली पत्नी के बच्चों को पूरी तरह कंगाल कर दिया है और अब घर की लड़ाई सड़कों पर आ गई है.
दक्षिण चीनी द्वीप हैनान के रहने वाले 61 वर्षीय बिजनेसमैन मिस्टर हाऊ इस वक्त टर्मिनल लंग कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से जूझ रहे हैं. डॉक्टरों ने कह दिया है कि उनके पास ज्यादा समय नहीं बचा है. ऐसे में उन्होंने अपनी पूरी 300 मिलियन युआन (लगभग 400 करोड़ रुपये) की वसीयत अपनी जवान पत्नी लियुआन के नाम कर दी. जैसे ही यह खबर बाहर आई, हाऊ की पहली पत्नी और उनके बच्चों ने बवाल शुरू कर दिया है. बता दें कि लियुआन और हाऊ की मुलाकात करीब 12 साल पहले हुई थी. उस समय लियुआन सिर्फ 21 साल की थीं और हाऊ की कंपनी में एक मामूली क्लर्क का काम करती थीं. हाऊ ने उन्हें महंगे गिफ्ट्स और आलीशान होटल में खाना खिलाकर अपनी तरफ आकर्षित किया. एक साधारण परिवार से आने वाली लियुआन, शुरुआत में हाऊ की उम्र और उनकी रईसी से भरी लाइफस्टाइल को देखकर हिचक रही थीं, लेकिन बाद में दोनों ने शादी कर ली और उनका अब एक पांच साल का बेटा भी है.
पिछले साल जब हाऊ की बीमारी का पता चला, तो लियुआन ने दिन-रात उनकी सेवा की और अस्पताल के चक्कर काटे. हाऊ का कहना है कि जब मौत उनके दरवाजे पर खड़ी थी, तब उनकी बीमारी के सबसे बुरे दौर में लियुआन ही उनका एकमात्र आध्यात्मिक और भावनात्मक सहारा बनी रहीं. उन्होंने साफ कहा कि उनके बड़े बच्चे पहले से ही अमीर हैं और अपनी जिंदगी में सेट हैं, इसलिए उन्हें अपनी जवान बीवी और छोटे बेटे की चिंता ज्यादा है. यह सोचकर उन्होंने अपनी पूरी जायदाद लियुआन को सौंप दी. लेकिन पहली पत्नी के बच्चों का गुस्सा सातवें आसमान पर है. उनका कहना है कि शादी के वक्त हाऊ ने एक ‘प्रीनप्चियल एग्रीमेंट’ साइन किया था, जिसमें लिखा था कि वे अपनी पहली औलादों का हक नहीं मारेंगे, पर अब उन्होंने सौतेली मां के चक्कर में सगे बच्चों को ही धोखा दे दिया है.
सोशल मीडिया पर इस खबर ने ‘सौतेली मां बनाम सगे बच्चे’ की बहस को एक बार फिर जिंदा कर दिया है. लियुआन पर ‘गोल्ड-डिगर’ होने के गंभीर आरोप लग रहे हैं, लेकिन उन्होंने एक भावुक वीडियो जारी कर इन सबका जवाब दिया है. उन्होंने कहा कि उनका रिश्ता पैसों पर नहीं, बल्कि उस प्यार पर टिका है जिसे शब्दों में बयान नहीं किया जा सकता. उन्होंने दावा किया कि हाऊ ने उन्हें नादानी से परिपक्वता तक के सफर में एक पिता और पति दोनों की तरह पाला है. फिलहाल, अरबों की यह संपत्ति अब कानूनी लड़ाई के बीच फंस गई है, क्योंकि पहली पत्नी का परिवार इस वसीयत को फर्जी बताकर अदालत में चुनौती देने की पूरी तैयारी कर चुका है.




