क्या मिर्गी की बीमारी को पूरी तरह ठीक किया जा सकता है? जान लीजिए हकीकत

All About Epilepsy Disease: मिर्गी का नाम सुनते ही लोगों के मन में डर बैठ जाता है. अक्सर लोगों को लगता है कि मिर्गी की बीमारी हो जाए, तो यह जिंदगीभर ठीक नहीं होता है. मिर्गी यानी एपिलेप्सी की बीमारी को लेकर आज भी लोगों में कई तरह की गलतफहमी हैं. कई लोग इसे मानसिक रोग समझ लेते हैं, जबकि असल में मिर्गी एक न्यूरोलॉजिकल यानी नर्वस सिस्टम से जुड़ी बीमारी है. इसमें दिमाग की नसों की गतिविधि असामान्य हो जाती है, जिसके कारण बार-बार दौरे पड़ते हैं. हालांकि मिर्गी का सही समय पर इलाज किया जाए, तो इसे काफी हद तक कंट्रोल कर सकते हैं.
नोएडा के मेट्रो हॉस्पिटल के सीनियर न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. नीरज कुमार ने News18 को बताया कि मिर्गी एक ब्रेन डिजीज है. जब ब्रेन की सेल्स में अचानक असामान्य इलेक्ट्रिकल सिग्नल बनने लगते हैं, तब यह बीमारी पैदा हो जाती है. इसके कारण व्यक्ति को झटके आ सकते हैं, बेहोशी हो सकती है, शरीर अकड़ सकता है या कुछ देर के लिए व्यक्ति आसपास की चीजों से अनजान हो जाता है. हर मिर्गी का दौरा एक जैसा नहीं होता है. कुछ दौरे बहुत हल्के होते हैं तो कुछ ज्यादा गंभीर भी हो सकते हैं. मिर्गी की वजह से लोगों को बार-बार दौरे पड़ने लगते हैं और ऐसे में सही ट्रीटमेंट कराना बहुत जरूरी होता है.




