अंतर्राष्ट्रीय

खाड़ी देशों में फंसे भारतीयों के लिए राहत, दुबई-अबू धाबी और जेद्दा से उड़ानें फिर शुरू

ईरान पर इस्राइल और अमेरिका की कार्रवाई के बाद पश्चिम एशिया में बढ़े तनाव के बीच यूएई से दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरू के लिए उड़ानें फिर से शुरू हुईं। एमिरेट्स की पहली फ्लाइट में यात्रियों का भावुक स्वागत हुआ। वहीं, जेद्दा से इंडिगो की विशेष उड़ानें भी भारतीयों को घर लौटने में मदद कर रही हैं।

इस्राइल और अमेरिका की ईरान पर संयुक्त कार्रवाई और उसके जवाब में ईरान के हमलों ने पूरे पश्चिम एशिया में तनाव को चरम पर पहुंचा दिया है। मिसाइल और ड्रोन हमलों के चलते उड़ान सेवाएं ठप हो गईं, लाखों यात्री फंसे रहे। इसी बीच अब यूएई में फंसे भारतीयों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आ रही है। जहां सोमवार रात से दुबई और अबू धाबी से भारत के लिए उड़ानें फिर से शुरू हो गई हैं, जिससे घर लौटने की राह आसान हुई है, जिसके बाद दिल्ली, मुंबई और बेंगलूरू के लिए उड़ानें कई दिनों की रुकावट के बाद अब उड़ान भर रही हैं।

जेद्दा से भारत के लिए विशेष उड़ानें
दूसरी ओर सऊदी अरह में भारतीय दूतावास ने जानकारी दी कि इंडिगो एयरलाइन जेद्दा से भारत के लिए विशेष उड़ानें चला रही है। इस कदम से यूएई और सऊदी अरब में फंसे भारतीय यात्रियों को अपने घर लौटने में मदद मिलेगी।

यात्रियों ने दी जानकारी
दुबई-बंगलूरू की फ्लाइट में सवार संजीव मेहता ने न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा कि यूएई अधिकारियों का धन्यवाद कि उन्होंने उड़ानें शुरू कीं। हमने टिकट जल्दी बुक की और एयरपोर्ट पहुंचे। अब मैं अपने घर वापस जा रहा हूं, इसके लिए बहुत उत्साहित हूं। उन्होंने बताया कि टिकट बुक करने का समय बहुत कम था, लेकिन वे जल्दी तैयार होकर निकल सके।

बता दें कि इससे पहले दुबई एयरपोर्ट्स ने उड़ानों के आंशिक फिर से शुरू होने की आधिकारिक पुष्टि की थी। सीमित उड़ानों के साथ 2 मार्च की शाम से दुबई इंटरनेशनल (DXB) और दुबई वर्ल्ड सेंट्रल- अल मकतूम इंटरनेशनल (डीडब्ल्यूसी) से उड़ानें फिर से शुरू हुईं। हालांकि, अधिकारियों ने सावधानी बरतने की सलाह दी है। यात्रियों से कहा गया है कि वे तभी एयरपोर्ट आएं जब उनकी एयरलाइन ने उन्हें सीधे संपर्क कर निश्चित उड़ान समय बता दिया हो।

यूएई में हालात में पहले से सुधार 
यह उड़ानें दोबारा शुरू होने से यूएई में हालात धीरे-धीरे सामान्य होने लगे हैं। और उन हजारों भारतीयों के लिए जो अपने घर लौटने के इंतजार में थे, अब राहत की घड़ी आ गई है। गौरतलब है कि 28 फरवरी को अमेरिका और इस्राइल के ईरान पर हमलों के बाद ईरान ने क्षेत्र के कई अरब देशों पर ड्रोन और मिसाइल से जवाबी हमला किया था। इसी वजह से कई उड़ानें रद्द हो गई थीं और पूरे पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ा हुआ है। 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button