मनोरंजन

राकेश बेदी ने अवॉर्ड पाकर आदित्य धर को बताया शानदार डायरेक्टर, ‘धुरंधर 2’ को लेकर बोले- फिल्म अभी आधी बाकी है

नई दिल्ली. दिग्गज एक्टर राकेश बेदी को आदित्य धर की फिल्म धुरंधर में जमील जमाली के किरदार के लिए न्यूज18 शोशा रील अवार्ड्स 2026 में एक्सट्रॉडिनरी परफॉर्मेंस ऑफ द ईयर-पॉपुलर चॉइस का अवॉर्ड मिला. अवार्ड लेते हुए उन्होंने बड़े मजेदार अंदाज में कहा कि यह अभी सिर्फ आधा अवॉर्ड है, क्योंकि फिल्म का पूरा धमाका होना अभी बाकी है. दूसरा पार्ट धुरंधर 2 इसी 19 मार्च को रिलीज होने वाला है. उन्होंने डायरेक्टर आदित्य धर की तारीफ करते हुए भरोसा जताया कि फिल्म सुपरहिट साबित होगी.

अपनी जीत पर खुशी जाहिर करते हुए राकेश बेदी थोड़ा भावुक भी हुए. उन्होंने बताया कि 1979 से काम करने के बावजूद उन्हें बहुत कम अवॉर्ड मिले हैं. उन्होंने कहा, ‘मैं 1979 से इंडस्ट्री में हूं, तब मेरी पहली फिल्म आई थी. उससे पहले 1976 में मैंने एफटीआईआई से पढ़ाई पूरी की और फिर 2-3 साल कड़ा संघर्ष किया. उन दिनों अवॉर्ड देने वालों की नजरें हीरो-हीरोइन से आगे बढ़ ही नहीं पाती थीं. लीड एक्टर्स के अलावा बाकी कलाकारों पर किसी का ध्यान ही नहीं जाता था. ज्यादातर अवॉर्ड्स सिर्फ हीरो, हीरोइन या फिर एकाध बड़े कलाकारों की झोली में ही चले जाते थे.

राकेश बेदी को नॉमिनेशन खूब मिले, लेकिन अवॉर्ड नहीं

राकेश बेदी ने अपनी बात आगे बढ़ाते हुए कहा, ‘मुझे नॉमिनेशन तो कई बार मिले, लेकिन अवॉर्ड्स के मामले में हाथ हमेशा खाली ही रहा. पर अब ऐसा लग रहा है जैसे अवॉर्ड्स की झड़ी लगने वाली है’. उन्होंने हंसते हुए कहा कि चूंकि धुरंधर 2 अभी रिलीज होनी बाकी है, इसलिए वह इसे आधा अवार्ड ही मान रहे हैं. उन्होंने कहा, ‘यह पूरा अवॉर्ड नहीं है, अभी तो आधा ही मिला है क्योंकि फिल्म भी अभी आधी ही है, बाकी आधा हिस्सा तो अभी आना बाकी है.’

इसके बाद उन्होंने महफिल में चार चांद तब लगा दिए जब उन्होंने ‘धुरंधर’ के अपने किरदार जमाली के सिग्नेचर अंदाज में बात की, जिसे देख सब दंग रह गए. निर्देशक आदित्य धर की जमकर तारीफ करते हुए उन्होंने उन्हें एक शानदार डायरेक्टर बताया. राकेश बेदी ने कहा, ‘आदित्य कमाल के इंसान और बेहतरीन निर्देशक हैं. वह बेहद संवेदनशील हैं और नए आइडियाज को लेकर हमेशा तैयार रहते हैं. उनके साथ काम करना बहुत आसान है. उन्होंने पूरे भरोसे के साथ कहा कि फिल्म का हिट होना तो तय है.’

‘धुरंधर’ ने की 1300 करोड़ से ज्यादा कमाई

बताते चलें कि ‘धुरंधर 2’ का पहला पार्ट बॉक्स ऑफिस पर बड़ा सफल साबित हुआ. पिछले साल दिसंबर में रिलीज हुई मूवी ने बॉक्स ऑफिस पर धुआंधार कमाई करते हुए 1300 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया. इस मूवी को आदित्य धर ने लिखा और डायरेक्ट किया है. अब फैंस धुरंधर 2 की रिलीज का इंतजार कर रहे हैं जो सिनेमाघरों में 19 मार्च को रिलीज होने के लिए तैयार है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button