खेल

मैदान पर सिर्फ 16 खिलाडिय़ों को एंट्री, आईपीएल के नए नियम में बाउंड्री के बाहर मूवमेंट पर रोक

ब्यूरो— नई दिल्ली, आईपीएल 2026 के दौरान बीसीसीआई ने नया नियम लागू किया है। इसके मुताबिक बेंच पर बैठे खिलाड़ी मैच के दौरान मैदान में नहीं घूम सकेंगे। टीम शीट में शामिल 16 खिलाडिय़ों के अलावा किसी को मैदान में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। ड्रिंक्स, बैट या मैसेज देने के लिए सिर्फ वही खिलाड़ी मैदान में जा सकेंगे जो इन 16 में शामिल हैं। हाल ही में यह निर्देश टीम मैनेजमेंट को दिए गए हैं।

वजह अभी स्पष्ट नहीं है। एक समय में सिर्फ पांच खिलाड़ी बाउंड्री लाइन के पास घूम सकते हैं। आमतौर पर आईपीएल टीमों में करीब 25 खिलाड़ी होते हैं। हर मैच के लिए सिर्फ 16 खिलाडिय़ों को टीम शीट में नाम दिया जाता है। नए नियम के मुताबिक बाकी खिलाड़ी डगआउट में रहेंगे। उन्हें बाउंड्री लाइन और एलईडी बोर्ड के बीच आने-जाने की अनुमति नहीं होगी।

जर्सी पहनने वालों की संख्या पांच से ज्यादा नहीं

यह तय किया गया है कि बिब्स (सब्स्टीट्यूट प्लेयर जर्सी) पहनकर मैदान के किनारे घूमने वाले खिलाडिय़ों की संख्या पांच से ज्यादा नहीं होगी। ये खिलाड़ी ड्रिंक्स ले जाने या बाउंड्री से गेंद लौटाने का काम करते हैं। यह नया नियम मैच प्लेइंग कंडीशंस के क्लॉज 11.5.2 और 24.1.4 को सख्त करता है। क्लॉज 11.5.2 के अनुसार खिलाडिय़ों को ड्रिंक्स देने की अनुमति सीमित समय और शर्तों के साथ होती है। क्लॉज 24.1.4 में कहा गया है कि जो खिलाड़ी मैच में नहीं खेल रहे हैं और सब्स्टीट्यूट फील्डर नहीं हैं, उन्हें मैदान के आसपास रहते समय टीम का ट्रेनिंग बिब पहनना जरूरी है।

अब तक खेले जा चुके हैं 13 मैच

अब तक आईपीएल 2026 के 74 में से 13 मैच खेले जा चुके हैं। 14वां मैच आज दिल्ली में दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटंस के बीच खेला जा रहा है। यह जानकारी एक रिपोर्ट में सामने आई है। बीसीसीआई ने आधिकारिक वजह साफ नहीं की। टीम मैनेजमेंट और एक्सपर्ट्स इसे तीन कारणों से जोड़ रहे हैं—
1. मैच की स्पीड बढ़ाना-बार-बार ड्रिंक्स/मैसेज देने से खेल धीमा हो रहा था।
2. अनफेयर एडवांटेज रोकना- बाहर बैठे खिलाड़ी लगातार कोचिंग/रणनीति पहुंचा रहे थे।
3. सिक्योरिटी और कंट्रोल-बाउंड्री लाइन के पास भीड़ कम कर बेहतर मॉनिटरिंग।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button