छत्तीसगढ़

समता कॉलोनी रास गरबा समिति का छठवां दिन धूमधाम से संपन्न, PCC चीफ बैज और महापौर मीनल चौबे के हाथों विजेताओं को किया गया सम्मानित

 रायपुर। रायपुर के सबसे लोकप्रिय समता कॉलोनी रास गरबा समिति के रास गरबा उत्सव 2025 के छठवें दिन का सफल आयोजन संपन्न हुआ है। शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर सबसे लोकप्रिय धार्मिक-सांस्कृतिक परंपराओं में से एक समता कॉलोनी रास गरबा समिति का गरबा उत्सव नौ दिनों तक भक्तिमय वातावरण और पारिवारिक उत्साह के साथ आयोजित हो रहा है। सोमवार को आयोजन का छठवां दिन पूरे हर्ष, उल्लास, रंगों और पारंपरिक उमंग के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे और श्वेता विश्वकर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

इस दौरान मुख्य अतिथियों के बीच हजारों गरबा प्रेमी माता के कई भजनों पर झूम उठे। आयोजन समिति की ओर से अतिथियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। बड़ी संख्या में लोग पारंपरिक वेशभूषा पहनकर शामिल हुए और गरबा व दांडिया की थाप पर देर रात तक झूमते रहे। रास गरबा उत्सव में छत्तीसगढ़ महतारी के रूप, माँ दुर्गा के अवतार, झाँसी की रानी, पृथ्वीराज चौहान, राम-सीता समेत कई अलग-अलग रूप में शामिल हुए।

पारंपरिक माहौल और पारिवारिक सहभागिता

समता कॉलोनी रास गरबा उत्सव हर साल अपनी भव्यता, अनुशासन और पारिवारिक वातावरण के लिए जाना जाता है। इस आयोजन में सुरक्षा और व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा गया है, जिससे महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी निश्चिंत होकर उत्सव का आनंद उठा रहे हैं। आयोजन समिति का कहना है कि यह सिर्फ एक धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक सद्भाव और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का अवसर है। इसे हर साल ऐसे आयोजन के जरिए समाज में बड़ा संदेश देने का प्रयास किया जाता है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने आयोजन समिति को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि पूरे शहर में सबसे भव्य रास गरबा का उत्सव समता कॉलोनी में आयोजित किया जाता है। इस आयोजन में पारिवारिक माहौल के बीच माँ दुर्गा की आराधना के साथ रास गरबा का आयोजन किया जाता है। ऐसे आयोजनों से पूरे प्रदेश में धार्मिक वातावरण का जबरदस्त माहौल बना रहता है।

रायपुर नगर निगम महापौर मीनल चौबे ने सभी श्रद्धालुओं के साथ जय-जय श्री राम के नारे लगाए। उन्होंने समता रास गरबा समिति को सफल आयोजन की बधाई दी और कहा कि समता रास गरबा उत्सव शहर में धार्मिक सद्भाव और भाईचारे का बड़ा संदेश पहुँचाता है। हिंदू धर्म के प्रति जबरदस्त आस्था के साथ पूरी आयोजन समिति अच्छे वातावरण में कार्यक्रम संपन्न कराती है।

रास गरबा समिति का संदेश

आयोजन समिति के प्रमुख सुबोध हरीतवाल ने कहा कि गरबा उत्सव सिर्फ मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि यह धार्मिक आस्था, सामाजिक सहयोग और सांस्कृतिक धरोहर को जीवित रखने का माध्यम है। आने वाले दिनों में और भी भव्यता के साथ रास गरबा का आयोजन कराया जाएगा। हमारी समिति के हर सदस्य और पदाधिकारी हमारे परिवार के सदस्य जैसा हैं। इस आयोजन में हर किसी की महत्वपूर्ण भागीदारी होती है। इस आयोजन के समापन दिवस पर पूरे शहर के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

जरूरतमंदों को दो करोड़ से अधिक की मदद

इस बार आयोजन की सबसे खास पहल समाजसेवा से जुड़ी है। समिति की घोषणा के अनुसार पूरे उत्सव के दौरान जरूरतमंदों को हर दिन 21 लाख रुपए का योगदान दिया जा रहा है। यह परंपरा पिछले कई वर्षों से जारी है और समिति ने गरीब बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा और अन्य सामाजिक कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

हर दिन की जा रही माता की विधिवत आराधना

नवरात्र के सभी नौ दिनों तक माता की आराधना पूर्ण विधिविधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ की जा रही है। भक्तजन सुबह-शाम पूजा-अर्चना में भाग ले रहे हैं और रात को गरबा महोत्सव में शामिल होकर देवी शक्ति के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त कर रहे हैं।

आकर्षक उपहार और प्रतियोगिताएं

गरबा प्रेमियों को आकर्षित करने के लिए हर दिन विशेष प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। पारंपरिक नृत्य, पोशाक और समर्पण को ध्यान में रखते हुए विजेताओं का चयन किया जाता है। सभी विजेताओं को आकर्षक उपहार और सम्मान देकर प्रोत्साहित किया गया। आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि अंतिम दिन भव्य समापन समारोह में पूरे नौ दिनों के विजेताओं को विशेष पुरस्कार और स्मृति चिन्ह प्रदान किए जाएंगे।

छठवें दिन के विजेताओं की सूची

पुरुष वर्ग
राजीव सिंह ठाकुर, विनोद महानंद, मोहित खटूजा, रोशन ठाकुर, अंशुमाली सिंह

महिला वर्ग
ऐश्वर्या सिंह, रीत गुरबक्सानी, अंकिता जैन, पूर्णिमा वर्मा, प्रांजल जवलकर, रक्षिता बजाज, श्रेया गोयंका, पूजा द्विवेदी

ग्रुप डांस
विघ्नहर्ता ग्रुप, MP ग्रुप, जानवी ग्रुप, पुलिस लाइन दुर्गा समिति ग्रुप

बेस्ट किड्स
काइरा जैन, काव्य जैन, सानवी खंडेलवाल, लक्की जादव, देवेश साहू

कपल डांस
नित्या कच्छवाहा और पूजा यादव, खुशी और योगिता

गौरतलब है कि समता कॉलोनी गरबा उत्सव को लेकर पूरे रायपुर शहर में उत्साह का माहौल है। नवरात्र के दौरान यहां रोजाना हजारों की संख्या में श्रद्धालु और गरबा प्रेमी पहुंच रहे हैं। बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक हर वर्ग के लोग गरबा और दांडिया की थाप पर शामिल होकर आनंद ले रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button