बारात जा रहे युवकों को बोलेरो ने रौंदा, सड़क हादसे में 4 की दर्दनाक मौत

Unnao News: उन्नाव जनपद के बेहटा मुजावर थानाक्षेत्र में देर रात सड़क हादसे में 4 युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार बांगरमऊ-संडीला मार्ग पर तेज रफ्तार बोलेरो जीप ने 2 मोटरसाइकिलों को टक्कर मार दी। हादसे के वक्त मोटरसाइकिलों पर कुल 5 लोग सवार थे।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही एक ने तोड़ा दम
पुलिस क्षेत्राधिकारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पांचों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (बांगरमऊ) भेजवाया। सिंह के अनुसार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अभिषेक (25) को मृत घोषित कर दिया गया। उन्होंने कहा कि इस हादसे में आकाश (22) , भीष्म , होरीलाल (27) तथा अनुज कुमार (29) भी गंभीर रूप से घायल हुए थे।
बारात जाने की खुशी मातम में बदली
क्षेत्राधिकारी के अनुसार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (बांगरमऊ) के चिकित्सकों ने इन घायलों को गंभीर हालत में लखनऊ ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर किया था, जहां उपचार के दौरान आकाश, होरीलाल और अनुज कुमार की भी मौत हो गई। घायल भीष्म का इलाज जारी है। पुलिस के मुताबिक ये युवक एक बारात में शामिल होने जा रहे थे।
गड्ढे में पलटी बोलेरो, पुलिस जांच शुरू
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों मोटरसाइकिलें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि जीप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। पुलिस ने बताया बेहटा मुजावर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



