खेल

आईपीएल में स्मार्ट सनग्लास पर रोक, भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने माना कम्युनिकेशन डिवाइस

मुंबई, बीसीसीआई की एंटी करप्शन यूनिट ने आईपीएल मैच के दौरान खिलाडिय़ों और मैच अधिकारियों के लिए स्मार्ट सनग्लास के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगा दिया है। बोर्ड ने 18 मई को सभी टीमों के लिए एडवाइजरी जारी की थी। यह जानकारी शुक्रवार को सामने आई। इसके अनुसार, मैच के दिन खिलाडिय़ों और सपोर्ट स्टाफ को मैदान के अंदर ड्रेसिंग रूम और डगआउट में जाने से पहले अपने फोन, स्मार्टवॉच और स्मार्ट सनग्लास को सिक्योरिटी लायजन ऑफिसर के पास जमा करवाने होंगे। नहीं तो कार्रवाई होगी और जुर्माना लगाया जाएगा। प्लेयर्स के देर रात बाहर जाने और होटल रूम में मेहमान बुलाने पर भी रोक लगाई गई है। हाल के दिनों में आईपीएल में कोड ऑफ कंडक्ट उल्लंघन के कई मामले सामने आए हैं।

इसी वजह से बोर्ड ने एंटी करप्शन नियमों में सख्ती की है। बोर्ड ने स्मार्ट सनग्लास को ऑडियो/वीडियो रिकॉर्डिंग और कम्युनिकेशन डिवाइस की श्रेणी में रखा है। क्योंकि, ये मोबाइल डाटा और वाई-फाई से कम्युनिकेशन कर सकते हैं। इनमें लाइव स्ट्रीमिंग, टेक्स्ट मैसेजिंग और ऑडियो-वीडियो कॉलिंग की सुविधाएं होती हैं। जो सुरक्षा नियमों के खिलाफ हैं।

Related Articles

Back to top button