उत्तरप्रदेश

यूपी पुलिस का अपराधियों पर चला चाबुक, कई बदमाश मुठभेड़ में ढेर और गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश में पुलिस का अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान लगातार जारी है. कई जिलों में हुए एनकाउंटर और कार्रवाई में बदमाशों की गिरफ्तारी हुई है, जबकि कुछ मुठभेड़ों में अपराधी घायल भी हुए हैं. पुलिस की इस कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मच गया है और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने में बड़ी सफलता मिली है.

आगरा के थाना ताजगंज क्षेत्र स्थित झलकारी बाई चौराहे के पास पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई. इस दौरान पुलिस ने 3 बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया. बताया जा रहा है कि 21 जून को एक दुकानदार को गोली मारने की घटना को पुरानी रंजिश के चलते अंजाम दिया गया था.

घायल बदमाश को SN मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने मौके से अवैध तमंचा, कारतूस, खोखा कारतूस और एक बाइक बरामद की है.

बहराइच: 25 हजार के इनामी गैंगस्टर असलम से पुलिस मुठभेड़, पैर में लगी गोली

बहराइच के बौंडी थाना क्षेत्र में पुलिस और 25 हजार के इनामी गैंगस्टर असलम के बीच मुठभेड़ हुई. इस दौरान जवाबी कार्रवाई में असलम के बाएं पैर में गोली लग गई, जबकि उसके दो साथी मौके से फरार हो गए. बताया जा रहा है कि आरोपी अपने साथियों के साथ चोरी की योजना बना रहा था. पुलिस ने घेराबंदी के दौरान फायरिंग का जवाब दिया.

अभियुक्त के खिलाफ जिले के अलग-अलग थानों में दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं. घायल असलम का इलाज बहराइच मेडिकल कॉलेज में चल रहा है.

बांदा: अतर्रा पुलिस ने शातिर चोर को 24 घंटे में किया गिरफ्तार

बांदा जिले के अतर्रा थाना क्षेत्र में पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी ने दुकान का ताला तोड़कर लैपटॉप और फिंगरप्रिंट डिवाइस चोरी की थी.

ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत CCTV और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपी की पहचान हुई. पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी का सामान और ताला तोड़ने के औजार बरामद किए हैं.

बांदा: खदान कर्मियों से लूट मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

बांदा के कोतवाली देहात क्षेत्र स्थित चटकन खदान में खदान कर्मियों से मारपीट और लूट के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है.
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दो वांछित आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया है. आरोपियों पर कर्मियों को घायल कर रुपये और लाइसेंसी रायफल लूटने का आरोप है. पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है.

आजमगढ़: पुलिस मुठभेड़ में 25-25 हजार के दो इनामी बदमाश घायल

आजमगढ़ के फूलपुर कोतवाली क्षेत्र में पुलिस और लुटेरों के बीच मुठभेड़ हुई. इस दौरान 25-25 हजार के दो इनामी बदमाश समीर और शिव कुमार घायल हो गए.
पुलिस ने मौके से केटीएम बाइक, लूटी गई ज्वेलरी और अवैध असलहा-कारतूस बरामद किए हैं. दोनों बदमाशों के खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है.

Related Articles

Back to top button