खेल

टीम इंडिया ने पाकिस्तान को एफआईएच प्रो लीग में 7-1 से रौंदा

लंदन: एफआईएच प्रो लीग 2025-26 में भारत ने पाकिस्तान को एक हफ्ते के अंदर दूसरी बार हरा दिया है। टूर्नामेंट के अपने 15वें मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 7-1 से हराया। पिछले मुकाबले की तरह ही इसमें भारत ने पिछड़ने के बाद वापसी की और अंत में जीत हासिल की। टूर्नामेंट के 15 मैचों में भारतीय टीम की यह चौथी सीधी जीत है। एक मैच में टीम को पेनल्टी शूटआउट में जीत मिली है। पाकिस्तान का अभी तक खाता नहीं खुला है। टीम अपने सभी 15 मैच हारी है।

पहले क्वार्टर में भारत को तीन पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन टीम एक भी गोल नहीं दाग पाई। वहीं पाकिस्तान ने अपने पहले ही पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर दिया। अबू महमूद ने 13वें मिनट में यह गोल किया। पहले क्वार्टर के अंत तक यह बढ़त बरकरार रही। भारत की तरफ से पहला गोल 20वें मिनट में सुखजीत सिंह के स्टिक से आया। 26वें मिनट में कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने टीम के लिए दूसरा गोल किया।

भारत ने तीसरे क्वार्टर में 4 गोल दागे

तीसरे क्वार्टर में भारत की तरफ से हार्दिक सिंह ने पेनल्टी स्ट्रोक पर गोल दागा। इसके बाद जुगराज सिंह ने 35वें और अभिषेक ने 41वें मिनट में गोल करके भारत को 5-1 से आगे कर दिया। 44वें मिनट में राज कुमार पाल ने गोल दागा। यह तीसरे क्वार्टर का चौथा और मैच में भारत का छठा गोल था। 53वें मिनट में दिलप्रीत सिंह ने भारत की तरफ से आखिरी गोल किया।

हॉकी में भारत ने पाकिस्तान पर लंबे समय से दबदबा बनाकर रखा है। साल 2016 के बाद से भारत सीनियर और जूनियर स्तर पर पाकिस्तान से नहीं हारे हैं। हाल ही में जापान में हुए अंडर-18 एशिया कप में पाकिस्तान की जूनियर टीम भारत से 5-3 से हार गई थी।

Related Articles

Back to top button